
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के बीच इंटरनैशल क्रिकेट काउंसिल के पोल में रोमांचक जंग देखने को मिली।
आईसीसी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर पोल के जरिए फैंस से पूछा था कि आज की पीढ़ी में इनमें से किस बल्लेबाज का कवर ड्राइव बेस्ट है। आईसीसी ने चार ऑप्शन दिए थे जिसमें कोहली और बाबर के अलावा इंग्लैंड के कप्तान जो रूट और न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन शामिल थे।
इस पोल (ICC Poll For Best Cover drive) में रूट और विलियमसन को लेकर फैंस ने ज्यादा रुचि नहीं दिखाई जितनी कड़ी प्रतिस्पर्धी विराट और बाबर आजम में देखी गई। आखिरी समय में बाबर टीम इंडिया के कप्तान विराट को पछाड़ फैंस के पहली पसंद बने। आजम को कोहली से 0.1 प्रतिशत वोट अधिक मिले।
आईसीसी की इस वोटिंग में कुल 260,143 लोगों ने मतदान किया जिसमें पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर को 46% वोट मिले। वहीं भारतीय विराट कोहली 45.9% वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। बाबर और कोहली के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन भारतीय कप्तान 0.1% वोटों से पिछड़ गए। इनके अलावा न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन 7.1% के साथ तीसरे जबकि इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट को सिर्फ 1.1% वोट ही मिले और वे चौथे स्थान पर रहे।
कोहली वनडे में बना चुके हैं 12 हजार से अधिक रन
कोहली ने 251 वनडे इंटरनैशनल मैचों में 12040 रन बनाए हैं। वनडे क्रिकेट में कोहली के नाम 43 शतक और 60 अर्धशतक दर्ज हैं। विराट ने 85 टी20 इंटरनैशनल मैचों में 2928 रन अपने नाम कर चुके हैं जिसमें उनका बल्लेबाजी औसत 50.48 रहा है।
बाबर वनडे में 12 सेंचुरी जड़ चुके हैं
26 वर्षीय बाबर आजम ने 30 टेस्ट मैचों में 44.29 की औसत से कुल 2082 रन बनाए हैं जिसमें 5 शतक और 15 अर्धशतक दर्ज है। बाबर ने 77 वनडे इंटरनैशनल मैचों में 55.93 की औसत से 12 शतक और 15 अर्धशतक की मदद से कुल 3580 रन बनाए हैं। 44 टी20 इंटरनैशनल मैचों में बाबर के नाम 1681 रन दर्ज है। इस दौरान उन्होंने 16 अर्धशतक लगाए हैं।