महू के सिमरोल में दर्दनाक हादसा: स्विफ्ट कार में आग लगने से 4 साल के मासूम चिराग की जिंदा जलकर मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

इंदौर के महू में सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे स्विफ्ट कार में आग लग गई। इससे कार में बैठा बच्चा जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। 4 साल का चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ घूमने निकला था। संजय पेशे से मैकेनेक हैं।

इंदौर-खंडवा रोड सेल सिटी के सामने वह डीजे वाली गाड़ी का काम कर रहे थे। इसी दौरान जिस गाड़ी में चिराग बैठा था, उसमें अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार उसकी चपेट में आ गई।

आसपास मौजूद लोग जब तक समझ पाते और आग बुझाने की कोशिश में जुटते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना फौरन फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई।

सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री का कहना है पुलिस और दमकल टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही चिराग की मौत हो चुकी थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
घटना के बाद बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महू सिविल अस्पताल लाया गया है। इधर, हादसे के बाद से पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल वह बात करने की हालत में नहीं हैं।
आग बुझाने लोग पानी और मिट्टी फेंक रहे थे

मौके पर मौजूद संजू वर्मा ने बताया कि पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। आग की लपटें उठ रही थीं। कोई पास नहीं जा पा रहा था।

लोग आग बुझाने के लिए पानी और मिट्टी फेंक रहे थे। बड़ी मुश्किल से आग बुझी तो देखा बच्चा कार के अंदर जल चुका था। सिमरोल पुलिस ने कार के कांच तोड़ कर बच्चे को बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *