
Mumbai : ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर ने अब एक नया दांव चला। उन्होंने पुणे डीएम (कलेक्टर) सुहास दिवसे पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने पुणे के डीएम पर खुद को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने वासिम पुलिस स्टेशन में डीएम के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करा दी। पूजा के मुताबिक, जांच के बहाने उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। एक दिन पहले ही पुलिस की टीम पूजा खेडकर के घर पहुंची थी और उनसे लंबी पूछताछ की थी। पुणे ग्रामीण पुलिस की टीमें पूजा खेडेकर की मां मनोरमा खेडकर और पिता दिलीप खेडकर की तलाश के लिए अहमदनगर भी पहुंची। एक अधिकारी के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी सोमवार को पूजा खेडकर से मिलने वाशिम स्थित उनके आवास पर गईं। तब उन्होंने पुणे के जिला कलेक्टर सुहास दिवसे के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। इससे पहले दिन में
खेडकर ने यह बताने से इनकार कर दिया था कि महिला पुलिसकर्मी उनके घर क्यों आई थीं! पूजा ने सिर्फ इतना कहा कि मैंने महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया था, क्योंकि मुझे कुछ काम था।
प्रमाण पत्रों की जांच जारी
प्रशासन उनके प्रमाणपत्रों की छानबीन कर रहा है। विकलांगता सर्टिफिकेट जांच के घेरे में है। ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर खुद कई जांच के घेरे में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर पूजा और उनके परिवार से जुड़े कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो उनकी मां मनोरमा खेडकर का सामने आया। इस वीडियो में वह मेट्रो अधिकारियों और पुलिस से बहस करती नजर आ रही हैं। यह घटना साल 2022 की है और इसे पुलिस बल के एक कर्मचारी ने सबूत के तौर पर रिकॉर्ड किया था। उधर, पुलिस उनकी कार से जुड़े मामले की जांच कर रही है।
मेट्रो के अधिकारियों से भी बहस
खेडकर परिवार के पास पुणे के बानेर रोड पर ओम दीप नामक बंगला है। पिछले कुछ समय से इस बंगले के सामने मेट्रो चल रही है। इसके लिए मेट्रो कर्मचारियों ने खेडकर के बंगले के पास फुटपाथ पर सामग्री रखी थी। इस पर मनोरमा खेडकर की मेट्रो कर्मचारियों से बहस शुरू हो गई। मेट्रो अधिकारियों ने चतुश्रृंगी पुलिस को इसकी जानकारी दी तो चतुश्रृंगी पुलिस स्टेशन का स्टाफ वहां पहुंच गया, लेकिन मनोरमा खेडकर ने उनसे भी बहस की।