
टीवी एक्ट्रेस तुनिशा शर्मा की आत्महत्या की खबर से हर कोई हैरान है। सीरियल के सेट पर मौजूद हर कलाकार स्तब्ध है। उनका कहना है कि अभी तो वह ठीक थी। अचानक क्या हो गया? इस बीच तुनिशा शर्मा का आखिरी फोटो भी सामने आ गया है। उन्होंने करीब छह घंटे पहले इंस्टाग्राम पर स्टोरी साझा की थी, जिसमें वह मेकअप कराती दिखी थीं। हालांकि, फोटो में तुनिशा बेहद गमगीन नजर आईं।
यह है पूरा मामला
सोनी सब टीवी के सीरियल ‘अलीबाबा: दास्तान ए काबुल’ में शहजादी मरियम का किरदार निभा रहीं तुनिशा शर्मा ने शनिवार (24 दिसंबर) को आत्महत्या कर ली। वह सीरियल के सेट पर ही मेकअप रूम में फंदे पर लटकी मिलीं। आनन-फानन में तुनिशा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अभी तक तुनिशा की आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है।
आखिरी तस्वीर में उदास दिखीं तुनिशा
अब तुनिशा की आखिरी इंस्टा स्टोरी का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह मेकअप कराती हुई दिखीं, लेकिन बेहद उदास नजर आईं। हालांकि, इस फोटो को देखने के बाद भी कोई यकीन नहीं कर पा रहा है कि तुनिशा अब इस दुनिया में नहीं हैं।
साथी कलाकारों ने कही यह बात
तुनिशा की मौत की खबर जानने के बाद ‘अलीबाबा: दास्तान ए काबुल’ सीरियल के सभी कलाकार बेहद हैरान हैं। उनका कहना है कि तुनिशा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं। वह हमेशा खुश रहती थीं और सेट पर हर किसी के साथ हंसी-मजाक करती थीं। तुनिशा के इस कदम से हर कोई सदमे में हैं। गौरतलब है कि कुछ समय पहले टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर ने भी इसी तरह अचानक आत्महत्या कर ली थी।