“उज्जैन: डिप्टी कलेक्टर सिराज मंसूरी पर पत्नी के गंभीर आरोप — सरकारी खर्च पर दुबई-थाईलैंड टूर में अय्याशी, होटल में पीटा और बेचने की धमकी; बेनामी संपत्ति, भ्रष्टाचार व घरेलू हिंसा का मामला जनसुनवाई में पहुँचा”

मेरे पति अधिकतर सरकारी खर्चे पर दुबई और थाईलैंड के टूर पर जाया करते थे, पहले मुझे लगता था वो काम से वहां जा रहे हैं, पर बाद में मैं समझी कि वो वहां अय्याशी करने जाते थे। एक बार मुझे भी दुबई ले गए और बेचने की धमकी दी।

ये आरोप हैं तबस्सुम बानो के जो डिप्टी कलेक्टर मोहम्मद सिराज मंसूरी की पत्नी हैं। दरअसल, तबस्सुम ने उज्जैन में जनसुनवाई में पहुंचकर अपने डिप्टी कलेक्टर पति के खिलाफ भ्रष्टाचार, बेनामी संपत्ति हड़पने, घरेलू हिंसा और जान से मारने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही सबूत के तौर पर कुछ वीडियो और तस्वीरें भी अधिकारियों को सौंपी हैं।

बता दें कि उज्जैन में डिप्टी कलेक्टर के तौर पर पदस्थ सिराज मंसूरी के खिलाफ पिछले साल सितंबर में लोकायुक्त पुलिस ने जांच की थी। उनके खिलाफ एक मस्जिद को तीन लाख रु. देने का आरोप है। इसके बाद उनका ट्रांसफर भोपाल कर दिया गया। तबस्सुम का ये भी आरोप है कि उसके पति घर का काम करने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ रहते हैं।

तबस्सुम ने अपने पति के खिलाफ एक साल बाद शिकायत क्यों की? इतने सालों तक वह चुप क्यों रहीं? इन सवालों का जवाब जानने भास्कर ने तबस्सुम से बात की साथ ही एसडीएम सिराज मंसूरी से भी संपर्क किया, मगर उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

पहले जानिए कैसे सामने आया मामला 23 सितंबर को तबस्सुम बानो उत्तर प्रदेश से सीधे उज्जैन जिला पंचायत सीईओ की जनसुनवाई में पहुंची। यहां उसने जब अधिकारियों को बताया कि वह पति के खिलाफ शिकायत करने आई है। उसने ये भी बताया कि उसके पति मोहम्मद सिराज मंसूरी डिप्टी कलेक्टर है और भोपाल में पदस्थ है तो अधिकारी ये सुनकर चौंक गए।

इसके बाद तबस्सुम ने अफसरों को बताया कि उसके पति उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके सबूत के तौर पर उसने कॉल रिकॉर्डिंग भी अफसरों की दी। ये भी कहा कि बावजूद इसके पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

इसके बाद तब्बसुम ने कहा कि पति ने पद का दुरुपयोग करते हुए कई बेनामी संपत्ति अर्जित की है। इससे पहले वो अपने पति की शिकायत करीब एक हफ्ते पहले इंदौर में जनसुनवाई के दौरान कर चुकी है।

डिप्टी कलेक्टर पति की शिकायत करती तबस्सुम।

शादी के बाद पता चला पति का दूसरी महिलाओं से अफेयर भास्कर से बातचीत में तबस्सुम ने बताया कि पति मोहम्मद सिराज छिंदवाड़ा के परासिया के रहने वाले हैं। 2008 को उनकी शादी हुई। शादी के बाद सिराज की पोस्टिंग जबलपुर के सीहोरा में बतौर नायब तहसीलदार के रूप में थी। वह अपने ससुराल परासिया में ही रहती थी। शादी के डेढ़ साल बाद उसने बेटे को जन्म दिया।

इसके बाद जब वह पति के साथ रहने सीहोरा गई तो उसे पता चला कि पति के ऑफिस में ही काम करने वाली महिलाओं से संबंध हैं। जब भी उसने इस बारे में अपने पति से बात करने की कोशिश की तो उसके पति ने चिल्लाकर कहा, “तुम मेरे मामलों में दखल मत दो, इसमें इंटरफेयर मत करो।”

तबस्सुम आगे बताया कि कुछ दिनों बाद सिराज के ही गांव की एक लड़की बार-बार उनके घर आने-जाने लगी। एक दिन मैंने उस लड़की और पति को आपत्तिजनक हालत में देखा। मैंने पति से कहा कि मैं पुलिस को शिकायत करूंगी, तो मुझे रोका और मुझसे माफी मांगने लगे। मैंने उस समय तो माफ कर दिया, मगर इसके बाद भी उनकी करतूतें कम नहीं हुईं।

पति ने दुबई में दी जान से मारने की धमकी तबस्सुम ने बताया कि उसके पति ने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकार को बिना सूचना दिए बैंकॉक, दुबई और इराक जैसे देशों की यात्राएं की हैं।अगर मंसूरी के पासपोर्ट की जांच करवा ली जाए, तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। तबस्सुम ने कहा कि साल 2017 में मुझे सिराज दुबई ले गए। उस समय मेरी बेटी की उम्र 5 साल थी।

वहां ले जाकर होटल के कमरे में मुझे बहुत मारा और धमकी दी। मुझसे कहा कि मेरे बारे में कोई भी बातें किसी से बोली तो यहीं पर मार डालूंगा या बेचकर चला जाऊंगा। किसी को कानों कान खबर भी नहीं होगी। उन्होंने मेरा पासपोर्ट भी छीन लिया था।

ये वीडियो तबस्सुम ने पुलिस को दिया है। जिसमें एसडीएम मंसूरी एक क्लब में नजर आ रहे हैं।

बेनामी संपत्ति पर किया कब्जा तबस्सुम कहती है कि दुबई वाले वाकये के बाद मैं बहुत डर गई थी। मैं किसी से कुछ कहने की स्थिति में ही नहीं थी। धीरे धीरे मेरे पति का दूसरी औरतों से संबंध रखना और भ्रष्टाचार करना बढ़ने लगा। मैं किसी से कुछ कह नहीं पा रही थी। जब पानी सिर से ऊपर चला गया तो साल 2023 में दोनों बच्चों को लेकर मैं मायके चली गई।

उस समय पति की पोस्टिंग इंदौर में थी। मेरे बेटे की इंदौर में पढ़ाई चल रही थी। कुछ दिनों बाद मैंने बेटे को वापस पति के पास भेज दिया। तबस्सुम कहती है कि मेरे पति ने पद का दुरुपयोग कर लाखों-करोड़ों की बेनामी संपत्ति भी बनाई है। छिंदवाड़ा, इंदौर और जबलपुर में प्लाट और मकान अपने रिश्तेदारों के नाम से खरीदे हैं।

एक साल बाद शिकायत क्यों? इस सवाल के जवाब में तबस्सुम ने बताया कि मैं इससे पहले भी कई बार शिकायतें कर चुकी हूं। साल 2023 में दुबई के वाकये के बाद जब मैं अपने मायके गई तो उसके बाद पति एक दूसरे धर्म की महिला के साथ रहने लगे, जबकि हमारा तलाक भी नहीं हुआ था। उन्होंने मेरे सारे गहने-कपड़े भी उस महिला को दे दिए।

जब मैंने इसका विरोध किया तो साल 2024 के फरवरी के महीने में वह मायके आए और मेरे परिवार को धमकी दी। हमने इसकी शिकायत औरेया थाने में की। तबस्सुम ने कहा कि साल 2024 सितंबर में ही लोकायुक्त ने कार्रवाई की। इसके बाद वह लगातार मेरे परिवार को एनकाउंटर की धमकी देने लगे।

तबस्सुम ने ये सीसीटीवी पुलिस को दिया है। जिसमें एसडीएम सिराज भी दिख रहे हैं। दोनों के बीच विवाद हो रहा है।

​पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही-तबस्सुम तबस्सुम का कहना है कि वह जबरिया मेरी बेटी को भी साथ ले गए। मुझ पर और मेरे घर वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए और मेरी बच्ची को भी डराया-धमकाया। जब मेरी बच्ची ने यह सब बताने की हिम्मत की तो मेरे पति ने कहा, ‘मैं तेरी मां का एनकाउंटर करवा दूंगा , उसे मार डालूंगा।’

तबस्सुम ने कहा कि स्पीड पोस्ट के जरिए मैंने प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायतें की हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है। पुलिस को मैंने सबूत दिए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

तबस्सुम ने गृहसचिव, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर बीजेपी अध्यक्ष को भी शिकायत की है।

एसडीएम से संपर्क किया, मगर बात नहीं हुई भास्कर ने एसडीएम मोहम्मद सिराज मंसूरी पर लगे आरोपों पर उनका पक्ष जानने के लिए उन्हें कॉल किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। साथ ही उनके वॉट्सऐप नंबर पर भी मैसेज भेजकर पक्ष जानने की कोशिश की। मगर, उन्होंने इसका भी कोई जवाब नहीं दिया।

तबस्सुम पर भी धर्म परिवर्तन का आरोप तबस्सुम जिस महिला के खिलाफ आरोप लगा रही है उसका नाम ममता है। ममता भी तबस्सुम के खिलाफ इंदौर के खजराना थाने में जबरिया धर्म परिवर्तन की शिकायत कर चुकी है। तबस्सुम का आरोप है कि उसने 16 सितंबर को जब पति के खिलाफ इंदौर जनसुनवाई में शिकायत की तो पति के कहने पर ममता ने उसके और उसके भाइयों के खिलाफ ये केस दर्ज करवाया है।

तबस्सुम की दलील है कि वह 2023 से अपने मायके में रह रही है। इस बीच ममता से उसकी कोई बातचीत भी नहीं हुई है। मैं उसपर धर्म परिवर्तन करने का दबाव कैसे बना सकती हूं। तबस्सुम ने बताया कि मेरी बेटी ने मुझे पहले ही बताया था कि ममता मेरे पति के साथ रह रही है। वह कुछ गलत करने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *