ब्लैकमेलर को पैसा देने के लिए पापा प्रॉपर्टी बेचते थे। हम लोग जब उनसे पूछते तो वो कहते कि मैं दूसरी प्रॉपर्टी खरीद रहा हूं, तुम्हें कुछ नहीं पता। उन्हें खुद ही नहीं पता था कि वो ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रहे हैं।
ये कहना है उज्जैन के रहने वाले ज्योतिषी के बेटे का। बेटे ने बताया कि जब उसकी पत्नी को नौकरानी पर संदेह हुआ तो उसने नौकरानी का फोन लिया और उसके डिलीट किए गए कॉल रिकॉर्डिंग को रिकवर कराया। हम दोनों ने 108 कॉल रिकॉर्डिंग सुनी तो पता चला घर की नौकरानी ही ब्लैकमेलर थी।
दरअसल, उज्जैन के अलखधाम नगर में रहने वाले बुजुर्ग ज्योतिषी को हनीट्रैप में फंसाकर नौकरानी ने पिछले तीन साल में करीब 4 करोड़ रु. ऐंठ लिए थे। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने नौकरानी पिंकी, उसकी मां सजन बाई और बहन रजनी पाटीदार को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 45 लाख कैश और 55 लाख के गहने भी बरामद किए है। पुलिस को इनके दो साथियों की तलाश है।
कैसे दूसरों का भविष्य देखने वाला ज्योतिषी खुद आंखों के सामने रहकर उसे ब्लैकमेल करने वाली नौकरानी को देख-समझ नहीं पाया और कैसे नौकरानी का लालच इतना बढ़ा कि उसका भांडा फूट गया? जानने के लिए पढ़िए हनीट्रैप से पिता को निकालने की कहानी बेटे की जुबानी…
ज्योतिषी को हनीट्रैप में फंसाने वाले किरदार

सिलसिलेवार जानिए बेटे ने क्या बताया…
पिंकी के खिलाफ पापा कुछ नहीं सुनते थे
ज्योतिषी के बेटे ने बताया कि पिंकी उनके घर पर पिछले 8-10 सालों से काम कर रही थी। कोविड के समय उसने काम छोड़ दिया था। तीन साल पहले काम पर लौटी। हमें तो उसका काम पसंद नहीं था। दो साल पहले ही मैंने पापा को कहा था कि उसे काम से निकाल दो, क्योंकि वो कोई काम नहीं करती।
वो सिर्फ पापा के रूम और ड्राइंग रूम की साफ-सफाई करती थी। पापा उसके खिलाफ कुछ नहीं सुनते थे। जब भी वो आती थी हमारे रूम का सामान चोरी हो जाता था। ये चोर है। जहां ये काम करती थी, वहां चोरी करती थी। उसने पिता की सोने की चेन भी छीनकर अपने प्रेमी को दे दी।
पिंकी के मोबाइल से खुला ब्लैकमेलिंग का राज
बेटे ने बताया कि एक दिन पापा के पास 10 लाख रु. देने का फोन आया था। पापा ने साढ़े चार लाख रु. की व्यवस्था की। पिंकी पैसे लेकर घर चली गई थी। इस बारे में जब हमें पता चला तो मैंने पापा से पूछा तो उन्होंने कुछ नहीं बताया। उस दिन मुझे शक हुआ। पापा प्रॉपर्टी बेचते थे, ये तो पता था। उनसे जब इस बारे में पूछते थे, तो कहते थे कि मैं दूसरी प्रॉपर्टी खरीद रहा हूं। तुम्हें कुछ नहीं मालूम है। तुम्हें क्यों बताऊं।
हमने पिंकी को घर बुलाया तो उसने कहा कि मैं तो तुम्हारे पापा की हेल्प कर रही हूं। उसने बताया कि साढ़े चार लाख रुपए मैंने ब्लैकमेलर को दे दिए। हमने पूछा कि कौन ब्लैकमेल कर रहा है? तो बोली कि पता नहीं। आपके पापा के पास फोन आते हैं और वो मुझे पैसे देते हैं। मैं ब्लैकमेलर को जाकर दे आती हूं।

108 कॉल रिकॉर्डिंग सुनी तब जाकर पता चला
मेरी पत्नी ने पिंकी का मोबाइल फोन लिया, तो देखा कि उसने सारी रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी थी। वाइफ ने उसके मोबाइल की रिकॉर्डिंग ली। डिलीट रिकॉर्डिंग को रिकवर किया। हमने दो दिन बैठकर 108 कॉल रिकॉर्डिंग सुनी। तब पता चला कि पिंकी खुद ही फोन लगवा रही है और वह इस ब्लैकमेलिंग में शामिल है।
बेटे से पूछा कि किस तरह की रिकॉर्डिंग थी तो उसने बताया कि पिंकी किसी से बात कर रही है कि ‘ज्यादा पैसे मांग लिए तो ये बीमार हो गया। इसकी बहू यहीं बैठी हुई है। बात नहीं करने दे रही है। ये (पापा) दो-चार महीने अभी टपकना नहीं चाहिए। हम पैसे ले लें। हमारी लाइफ सेट हो जाएगी। उसके बाद मरता हो तो मरे। फरवरी में जॉब छोड़ दूंगी। अभी छोडूंगी तो शक हो जाएगा।’

तीन साल में पापा की तबीयत खराब हो गई
बेटे ने बताया कि हमने इसकी शिकायत पुलिस को की। पापा ने पुलिस को बताया कि उन्हें तीन साल से ब्लैकमेल किया जा रहा है। ब्लैकमेलर्स को 3-4 करोड़ रु. दे चुका हूं। उन्होंने ये नहीं बताया कि कौन कर रहा है। पुलिस ने इसके बाद पिंकी को गिरफ्तार किया।
बेटे ने कहा कि पापा की तबीयत ठीक नहीं है। वो बेड रेस्ट पर ही हैं। वो चल भी नहीं पा रहे हैं। उन्हें तो ये भी नहीं पता की पिंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वो सोचने-समझने की स्थिति में नहीं है। उन्हें याद भी नहीं की इतने सालों में कितने रुपए उन्होंने दिए हैं। पिंकी ने इतना ब्लैकमेल किया कि पापा के 7-8 अकाउंट खाली हो गए।
जब से ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हुआ तब से पापा बीमार हैं। हमारी मां नहीं है, यदि वो होती तो ये सब नहीं होता।
नौकरानी ने प्रेमी को भी बना दिया लखपति
पुलिस ने नौकरानी पिंकी के घर से 40 लाख 24 हजार रुपए कैश, 5 सोने के हार, 2 सोने का मांग टीका, 3 गोल्ड चेन, सोने के 2 ब्रेसलेट, सोने के 2 मंगलसूत्र, सोने के 10 कान के टॉप्स, 3 गोल्ड पैंडल, 4 सोने के कंगन, 1 सोने की अंगूठी, 4 सोने की नाक की बाली, 1 सोने की नाक की लौंग बरामद की है।
पिंकी का प्रेमी राहुल मालवीय भी गिरफ्तार हो चुका है। राहुल के कोलूखेड़ी भैरवगढ़ स्थित घर से पुलिस ने डेढ़ लाख रुपए नकद और ई-रिक्शा बरामद किया है। राहुल नानाखेड़ा क्षेत्र में किराए का ऑटो चलाता था। पिंकी ऑटो से आना-जाना करती थी। इस दौरान दोनों की मुलाकात हुई। पिंकी ने राहुल को करीब 16 लाख रुपए लाकर दिए, जिससे उसने ई-रिक्शा खरीदी।
आरोपियों के पास से ये मिला

पिंकी का जीजा पवन पाटीदार अब भी फरार
मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसमें नौकरानी का कजिन शामिल हैं। साथ ही बहन रजनी का पति यानी पिंकी का जीजा पवन पाटीदार अभी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।