उज्जैन। इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी की हत्या मामले में हुआ खुलासा, मृतक की पत्नी और भांजी ने मिलकर करवाई थी हत्या – देखें VIDEO

उज्जैन में शनिवार को सुबह हुई व्यापारी मिश्रिलाल राठौर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक दिन बाद रविवार को खुलासा कर दिया है। व्यापारी की हत्या उसी की पत्नी और भांजी ने करवाई थी। दोनों ने एक परिचित को 6 लाख रुपए में हत्या की सुपारी दी थी। परिचित ने एक बदमाश से 2 लाख रुपए में हत्या करवाना तय किया।

पुलिस ने बताया कि व्यापारी और उसकी पत्नी एक दूसरे पर शक करते थे। इसी को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होते थे। दोनों ही अलग-अलग घर में रह रहे थे। पत्नी को डर था कि पति उससे मकान खाली न करवा लें। जिसके बाद उसने पति की हत्या का प्लान बनाया। सुपारी देने के बाद पत्नी हमलावर के संपर्क में थी।

पुलिस ने व्यापारी मिश्रीलाल की पत्नी कृष्णा बाई (45), भांजी माया, सुपारी लेने वाले गोपाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हमलावर करण सोलंकी फरार है।

मॉर्निंग वॉक से लौटे व्यापारी की उसी के घर में की थी हत्या

शनिवार सुबह जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में मिश्रीलाल राठौर (58) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। वह सुबह करीब 8 बजे मॉर्निंग वॉक से लौटे थे। जैसे ही घर का गेट खोला, घर में पहले से छिपे बैठे आरोपी ने हमला कर दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। चाकू व्यापारी के पेट और कंधे पर लगा। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सुबह 7 बजे घर में घुसा था हत्या का आरोपी

मिश्रीलाल राठौर की जूना सोमवारिया में पूजा इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से शॉप है। नीचे दुकान, ऊपरी फ्लोर पर मकान है। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि आरोपी सुबह 7 बजे घर में घुसा था।

वारदात वाले दिन सीसीटीवी फुटेज में हमलावर करण सोलंकी भागते नजर आया था।

कॉल डिटेल से हुआ खुलासा

उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने रविवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। एसपी ने बताया कि वारदात के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पता चला कि मिश्रीलाल की पत्नी कृष्णा बाई और उसकी भांजी माया दूसरे मकान में अलग रहते हैं। जूनी सोमवारिया वाले मकान में मिश्रीलाल और उसका बेटा लोकेश राठौर रहते हैं।

पुलिस ने कृष्णा बाई से भी पूछताछ की, लेकिन वह बरगलाती रही। उसकी कॉल डिटेल निकलवाई गई। पता चला कि उसकी गोपाल चौधरी नाम के शख्स से लगातार बात हुई है। वारदात के वक्त भी दोनों के बीच लगातार संपर्क जारी था। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो कृष्णा बाई ने वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर मिश्रीलाल की भांजी माया और गोपाल चौधरी काे भी पकड़ लिया गया।

पत्नी ने ही दी थी घर की चाबी

पूछताछ में व्यापारी की पत्नी ने बताया कि वह आंजना बस्ती के रहने वाले गोपाल चौधरी से मिली थी। उसे 6 लाख रुपए में पति की हत्या की सुपारी दी। एक लाख रुपए एडवांस भी दिए। गोपाल चौधरी ने हमले के लिए हिंगोरिया के रहने वाले बदमाश करण सोलंकी को हायर किया। उसे 10 हजार रुपए दिए।

कृष्णा बाई ने ही घर के मुख्य चैनल गेट की दूसरी चाबी गोपाल चौधरी को दी थी। इसके बाद गोपाल ने करण को चाबी दे दी। उसे मिश्रीलाल का शेड्यूल बताया। उसी ने हत्या के लिए सुबह का समय तय किया था। प्लान बनाया था कि पहले से घर के अंदर बैठ सकते हैं। गेट खोलते ही हमला करना ठीक रहेगा। इसके बाद वह लगातार मोबाइल के जरिए गोपाल चौधरी के संपर्क में रही। वारदात का अपडेट भी लेती रही।

पुलिस ने मिश्रीलाल की पत्नी कृष्णाबाई और भांजी माया को गिरफ्तार कर लिया है।

पति-पत्नी के बीच चल रही थी अनबन

पुलिस के मुताबिक मिश्रीलाल राठौर और उसकी पत्नी कृष्णाबाई के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। दोनों की एक-दूसरे पर शक करते थे। इस कारण दोनों अलग रहते थे। मिश्रीलाल पत्नी से दूसरे मकान को भी खाली कराना चाहता था, इसलिए पति की हत्या की साजिश रच डाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *