ब्रिटेन में किसिंग फोटो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा, कोविड नियमों के उल्लंघन में फंसे

दफ्तर में अपनी सहयोगी को Kiss करने के बाद कोरोना गाइडलाइन्स के उल्लंघन के आरोपों से घिरे यूनाइटेड किंगडम के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक को आखिरकार अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है।हैनकॉक ने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन  को भेज दिया है. हालांकि हैनकॉक कोविड नियमों के उल्लंघन के आरोप में माफी मांग चुके हैं, लेकिन यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा था.

दरअसल, कुछ दिनों पहले ये खुलासा हुआ था कि हैनकॉक ने अपनी एक सहायक के साथ संबंधों के दौरान कोरोना के नियमों का उल्लंघन किया था. ऐसे में सवाल उठा कि जब कोरोना के संक्रमण को काबू करने के अभियान के अगुवा स्वास्थ्य मंत्री ही पाबंदियों की धज्जियां उड़ा रहे हों तो भला जनता को इसका पालन करने की नसीहत कैसे दी जा सकती है. हैनकॉक ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि लोगों ने कोरोना नियमों के पालन के लिए काफी कुछ कुर्बानी दी है, लेकिन उन्होंने खुद इस नियमों को तोड़कर उन्हें शर्मसार किया है.

ट्विटर पर साझा किये गए वीडियो में हैनकॉक ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री को स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा सौंपने गया था.” उन्होंने कहा, “मैं समझ सकता हूं कि इस देश में सभी ने बहुत कुछ खोया है और हमारे जैसे लोग जो नियम बनाते हैं उन्हें इसका पालन करना चाहिए इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया.”

इससे पहले 42 वर्षीय कंजर्वेटिव नेता को सीसीटीवी कैमरा से प्राप्त चित्र में अपने कार्यालय में सांसद जिना कोलाडैंगलो (43) का चुंबन लेते हुए देखा गया था. कोलाडैंगलो हैनकॉक की पुरानी मित्र और सहयोगी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *