
इटली में एक बार फिर कोरोना वायरस (COVID-19) के कारण हालत बेकाबू होने लगे हैं। इसके चलते नेपल्स और फ्लोरेन्स समेत कई क्षेत्रों को शुक्रवार को कोरोना का रेड जोन घोषित कर दिया गया। देश में तेजी से संक्रमण बढ़ने के कारण स्थिति गंभीर होने लगी है ।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक जी रेज्जा ने बताया है कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जो बेहद चिंताजनक है इसलिए सख्त उपाय किए गए हैं। इटली में संक्रमण के नए मामलों की दर प्रति 1,00,000 लोगों पर 650 तक पहुंच गई है।
इटली में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के लगभग 41,000 नए मामले आए और इस महामारी से 550 लोगों की मौत हो गई। देश में मृतकों की संख्या बढ़कर 44,139 हो गई है, जबकि अब तक संक्रमण के कुल 11 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
टॉयलेट में मिला संक्रमित का शव
जानकारी के अनुसार, इटली में तेजी से संक्रमण बढ़ने के कारण स्थिति खतरनाक हो रही है। आंशिक तौर पर लॉकडाउन को बढ़ाया गया है। सभी अस्पतालों में मरीज भरे पड़े हैं। नेपल्स के एक अस्पताल के टॉयलेट में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने की भी खबर है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से यह अस्पताल सुर्खियों में है। वायरल हो रहा ये वीडियो एंटोनियो कार्डारेली अस्पताल का है, जहां काफी संख्या में मरीज हैं।
अब तक 44 हजार लोग मारे जा चुके
देश में कोरोना संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हजार 139 हो गई है, वहीं अब तक संक्रमण के कुल 11 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। गौरतलब है कि दुनियाभर में कोरोना के पांच करोड़ 34 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं और 13 लाख से ज्यादा लोगों की जान चली गई है।