कैबिनेट में रहेंगे या जाएंगे मोदी सरकार के दो मंत्री? क्या आज की कैबिनेट मीटिंग होगी आखिरी बैठक?

मोदी सरकार के दो मंत्रियों मुख्तार अब्बास नकवी और आरसीपी सिंह के भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ेगा? कयास इसके भी लगाए जा रहै हैं कि क्या आज  की कैबिनेट बैठक अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) और स्टील मंत्री आरसीपी सिंह (RCP Singh) के लिए आखिरी बैठक होगी? आज  सुबह ग्यारह बजे कैबिनेट की बैठक होनी है.

गौरतलब है कि इन दोनों ही मंत्रियों का राज्य सभा कार्यकाल सात जुलाई को समाप्त हो रहा है. बीजेपी ने नकवी जबकि जेडीयू ने आरसीपी सिंह को दोबारा राज्य सभा का टिकट नहीं दिया है. हालांकि बिना सांसद रहे भी दोनों नेता छह महीने तक मंत्री रह सकते हैं लेकिन अमूमन ऐसा होता नहीं है कि सांसद न रहने पर भी मंत्री रखा जाए.

हां, ऐसा जरूर हुआ है कि मंत्री बनने के बाद सांसद बनाया गया हो. ऐसे में दोनों के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही हैं. जहां नकवी का नाम उपराष्ट्रपति से लेकर कई अन्य राज्यों के गवर्नर या एलजी के तौर पर चल रहा है, वहीं आरसीपी सिंह के बीजेपी में आने की चर्चा है.

कल ही बीजेपी ने स्पष्ट किया कि आरसीपी सिंह अभी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं. आरसीपी सिंह अगर बीजेपी में शामिल होते हैं तो यह सहयोगी दल जेडीयू को शायद रास नहीं आएगा. हालांकि राज्य सभा में राष्ट्रपति की ओर से मनोनयन की सात सीटें खाली हैं .

फिलहाल दोनों ही नेताओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है कि वे मंत्री बने रहेंगे या नहीं या अगर उन्हें मंत्री बनाए रखना है तो क्या मनोनयन के रास्ते से राज्य सभा में लाया जाएगा. इस बीच, उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन शुरु हो चुका है. संभावना है कि एनडीए जल्दी ही अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान करेगा, तब नकवी की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *