यूपी: अनलॉक-2 का 30वां दिन:अब तक 77 हजार संक्रमित; पूर्वांचल में तेजी से फैल रहा कोराना, 24 घंटे में 700 से ज्यादा मामले सामने आए

यूपी में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 77 हजार को पार कर गया है। यहां पूर्वांचल में भी कोरोना का प्रकोप फैलता जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जिलों में पूर्वांचल में ही 700 से ज्यादा मरीज सामने आ चुके हैँ।
यूपी में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग जिलों में 33 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो गई
एक दिन में यूपी में 3570 संक्रमित मरीज पाए गए हैं, औसतन एक लाख टेस्टिंग का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस हर दिन अपने रिकॉर्ड तोड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में 3,570 नए मरीज बढ़े हैं। इसके बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या 77 हजार पार कर गई है। इसी के साथ एक्टिव केस की संख्या इजाफा हो रहा है। राज्य के कोविड-19 अस्पतालों में करीब 30 हजार रोगियों का इलाज चल रहा है। इस बीच पूर्वांचल में तेजी से कोरोना अपने पांव पसार रहा है। पिछले 24 घंटे में यहां 700 से ज्यादा संक्रिमित पाए गए हैं।
24 घंटे में 87,754 सैंपल्स की जांच की गई। अभी हम टेस्टिंग में सिर्फ तमिलनाडु से पीछे चल रहे हैं। अगर हम प्रतिदिन औसत 1 लाख से 90,000 तक सैंपल्स की टेस्टिंग करेंगे तो हम देश में टेस्टिंग में पहले स्थान पर आ जाएंगे। राज्य के कुल संक्रमितों में सबसे ज्यादा 20 से 40 साल आयु के हैं। पिछले 24 घंटों में कानपुर नगर, लखनऊ में 5-5, झांसी में 3, बस्ती में 2, अंबेडकरनगर, हमीरपुर, प्रतापगढ़, शामली, रायबरेली, इटावा, बिजनौर, कन्नौज, सिद्धार्थनगर, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, सहारनपुर, अयोध्या, बाराबंकी, हापुड़, गोरखपुर, बरेली, गौतमबुद्धनगर में 1-1 रोगियों की मौत हुई है।
बहराइच में एक साथ मिले 43 कोरोना पॉजिटिव
बहराइच में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार की देर रात मेडिकल कॉलेज के प्रधान सहायक समेत जिले में 43 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें मेडिकल कालेज के 5 कर्मचारी भी शामिल हैं। बहराइच में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार की देर रात मेडिकल कॉलेज के प्रधान सहायक समेत 43 व्यक्तियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें मेडिकल कॉलेज के 5 कर्मचारी भी शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज के प्रधान सहायक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया है।
प्रयागराज में 149 संक्रमित मिले
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बुधवार को दो हजार के पार पहुंच गया। एक हजार से दो हजार के बीच आंकड़ा पहुंचने में सिर्फ नौ दिन लगे। वहीं, जिले में इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 50 हो गई है। इस वक्त जिले में कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। हर दिन बड़ी संख्या में मिल रहे मरीज इसकी गवाही दे रहे हैं। बुधवार को 149 नए संक्रमित मिले। कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा दो हजार के पार पहुंच गया। पहला एक हजार का आंकड़ा 20 जुलाई को पार हुआ था।
पूर्वांचल में मिले 752 पॉजिटिव मरीज
पूर्वांचल में बुधवार को रिकार्ड 752 कारोना संक्रमित मिले हैं। मरने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। बनारस तीन, मऊ में दो, जौनपुर और भदोही में एक-एक संक्रमित की जान चली गई। सबसे ज्यादा मिर्जापुर में 196, जौनपुर में 142, बलिया में 117, भदोही में 86, आजमगढ़ 64, वाराणसी में 54, गाजीपुर में 44, चंदौली में 33, सोनभद्र में 15, मऊ में एक पॉजिटिव केस सामने आए हैं।
बुधवार को वाराणसी में संक्रमितों की संख्या में अपेक्षाकृत कमी आई लेकिन तीन लोगों की जान चली गई। जिले में अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल पॉजिटिव केस की संख्या 2450 है, इनमें 1361 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। जौनपुर में एक संक्रमित महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके संपर्क में आने वाले पति-ससुर आइसोलेट किया गया है।
आजमगढ़ में मऊ की बुजुर्ग महिला की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हुई है। भदोही में निजी चिकित्सक की भी जान चली गई। मिर्जापुर जिला कारागार के 173 बंदी साथ कुछ जेल कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। गाजीपुर में भी अस्थाई जेल के 23 बंदी संक्रमण की चपेट में आए हैं। सोनभद्र में मिले संक्रमितों में सात हिंडाल्को रेणुकूट के कर्मचारी और सीएमओ कार्यालय एक कर्मचारी भी शामिल है।