नीमच जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत पर हंगामा: खून चढ़ाने से इंफेक्शन का आरोप, परिजनों ने आईसीयू का गेट तोड़ा और पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारा; डॉक्टर बोले—सात विशेषज्ञों ने बचाने की कोशिश, मौत का कारण पोस्टमॉर्टम से पता चलेगा

नीमच में डिलीवरी के बाद महिला की मौत से परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने आईसीयू का गेट तोड़ दिया। डॉक्टरों से झूमाझटकी की। पुलिसकर्मी समझाने पहुंचे तो थप्पड़ जड़ दिया। परिजन का आरोप है कि महिला को खून की बोतल चढ़ाई गई, इसके बाद तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।

मामले में जिला अस्पताल के डॉ. लाल धाकड़ का कहना है कि मरीज की तीन दिन पहले डिलीवरी हुई थी, जिसके बाद वह स्वस्थ थी। उसका हीमोग्लोबिन कम था। उसे दिन में खून चढ़ाया गया। शाम को तबीयत बिगड़ी, उसके बाद तत्काल इलाज शुरू किया गया। करीब सात स्पेशलिस्ट डॉक्टरों ने बचाने के प्रयास किए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण पता चलेगा।

अस्पताल में हंगामे की तस्वीरें…

महिला की मौत का पता चलते ही परिजन आक्रोशित हो गए।

महिला के पति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन ने उसे संभाला।

अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने परिजनों को समझाने की कोशिश की।

परिजन आईसीयू के बाहर पुलिस और डॉक्टरों से बहस करने लगे।

डिलीवरी के तीन दिन बाद इलाज के दौरान मौत

जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के अचारी निवासी टीना को तीन दिन पहले डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। टीना की यह दूसरी डिलीवरी थी। उसका दो साल का बेटा भी है। शनिवार शाम अचानक टीना की तबीयत बिगड़ गई। रात 9 बजे उसे डिलीवरी वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां एक घंटे बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी की मौत का पता चलते ही पति प्रहलाद मीणा की तबीयत भी बिगड़ गई। वह बेसुध हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

टीना की मां का आरोप है कि ब्लड की बोतल चढ़ाने के बाद टीना को रिएक्शन हो गया था। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को बुलाया लेकिन उन्होंने आने में देर कर दी। आनन-फानन में टीना को आईसीयू में भर्ती किया गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने आईसीयू के बाहर गेट में तोड़फोड़ की परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन से पहले डॉक्टर को इलाज के लिए रुपए भी दिए गए थे। हंगामे के दौरान आक्रोशित परिजनों ने बच्चों के डॉक्टर योगेंद्र धाकड़ को घेर लिया और उनके साथ झूमाझपटी की। हंगामा बढ़ता पुलिसकर्मी आईसीयू वार्ड के पास पहुंचा, लेकिन परिजन नहीं माने। आईसीयू के बाहर गेट में तोड़फोड़ की और अन्य स्टाफ के साथ भी झूमाझटकी की। गुस्से में एक बुजुर्ग ने पुलिसकर्मी को भी थप्पड़ मार दिया।

सूचना मिलते ही कैंट पुलिस के अन्य जवान भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाइश दी। इसके बाद देर रात करीब 12 बजे मृतका टीना के शव को आईसीयू से पोस्टमॉर्टम रूम में रखवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *