
अमेरिका में कोविड-19 के खिलाफ बूस्टर डोज लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी सोमवार को कोविड-19 वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाई है. उन्होंने अमेरिका के नागरिकों से कहा कि जो लोग वैक्सीन लेने में बाधा डाल रहे हैं, वे देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं. बाइडन ने व्हाइट हाउस में फाइजर की तीसरी डोज ली. हाल ही में अमेरिका में स्वीकृत हेल्थ गाइडलाइंस के अनुसार, 65 और अधिक उम्र के लोगों के लिए बूस्टर डोज को स्वीकृति दी गई है.
78 साल के बाइडन ने इस मौके पर मजाक करते हुए कहा, “मैं जानता हूं कि यह ऐसा नहीं दिखता है, लेकिन मैं 65 साल से अधिक का हूं.”
बूस्टर डोज के लिए ऐसे वयस्क लोग भी योग्य हैं जो कि चिकित्सा की उच्च जोखिम वाली स्थिति में हैं. साथ ही ऐसे लोग भी पात्र हैं जो ऐसी नौकरियां करते हैं जिनमें वायरस के संपर्क में आने का खतरा ज्यादा है.
बाइडन ने कहा कि समस्या यह है कि अमेरिकियों का एक उल्लेखनीय हिस्सा ऐसा है जो अभी तक वैक्सीन का एक डोज लेने से भी मना करता आया है, जिससे घातक डेल्टा वेरिएंट को देश में प्रसार मिलता है.बाइडन ने कहा कि 77 फीसद अमेरिकियों ने वैक्सीन लगवा ली है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है. अभी भी करीब एक चौथाई वैक्सीन लगवाने से मना कर रहे हैं.