
सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर (सदर) विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक सीताराम वर्मा के ट्विटर अकांउट से एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है. इस पोस्ट में लिखा गया था- ‘झूठ बोलने में नंबर वन भाजपा सरकार जिसके दिन बचे हैं चार।’ हालांकि पोस्ट पर बवाल मचने के बाद हुई बातचीत में विधायक ने सफाई दी कि यह पोस्ट उन्होंने नहीं लिखी। विधायक के मुताबिक उनके अकाउंट को किसी ने हैक करके यह पोस्ट डाली है। अब पुलिस, पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
विधायक के इस कथित पोस्ट को सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर भी वायरल कर दिया गया था। हालांकि बाद में इस अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया। पोस्ट पर सफाई देते हुए विधायक ने कहा कि वह कभी ऐसा सोच भी नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम पायदान पर जीवन यापन कर रहे लोगों तक पहुंचाने के लिए वह दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इसके साथ ही भाजपा संगठन की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों में उनकी बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी रहती है।
उन्होंने कहा कि उनका पूरा सहयोग पार्टी और सरकार के लिए है। उन्होंने दावा किया कि ट्वीटर हैंडल हैक करके किसी ने यह पोस्ट की। इसका मकसद विरोधियों को फायदा पहुंचाने का है। सरकार और उनके विरोधियों के मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। वह हैकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
विधायक सीताराम वर्मा के हैक होने के मामले में पुलिस ने अपनी छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस की साइबर टीम इस मामले को देख रही है।