
उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने से हुई भयंकर तबाही में पीड़ित लोगों की मदद के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आगे आए हैं। पंत ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया और अपने मदद की बात कही है. पंत ने अपने राज्य में हुई इस आपदा को लेकर मदद करने की बात ट्वीट के जरिए कही है. पंत ने ट्विटर पर लिखा, ‘उत्तराखंड में हुई घटना में लोगों की जान जाने से गहरा दुख पहुंचा है. मैंने अपनी मैच फीस बचाव कार्य में देने का फैसला किया है और मैं अन्य लोगों से भी अपील करूंगा कि लोगों की मदद के लिए आगे आए.’ चमोली घटना की बात करें तो रविवार को यहां दिन में 10 से 11 बजे के करीब ग्लेशियर टूटने की घटना सामने आई.
बता दें कि पंत इस समय चेन्नई टेस्ट मैच में भारतीय टीम की ओर से खेल रहे हैं. पंत ने चेन्नई टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक जमाने से चूक गए, उन्होंने 91 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. भारतीय टीम के खिलाफ इंग्लैंड ने पहली पारी में शानदार 578 रन बनाए थे जिसके जवाब में भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज फ्लॉप रहे.
पंत के 91 रन और पुजारा के 73 रन के कारण भारतीय टीम तीसरे दिन के खेल खत्म होने तक 257 रन 6 विकेट पर बना पाने में सफल रही. इंग्लैंड ने पहली पारी में 578 रन बनाए जिसमें जो रूट ने शानदार 218 रन बनाने का कमाल कर दिखाया. बता दें कि भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 4 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. शुरूआती 2 टेस्ट मैच चेन्नई में ही खेले जाएंगे तो वहीं आखिरी के 2 टेस्ट मैच अहमदाबाद में खेले जाने हैं.