वेदपाठी छात्र की बेरहमी से पिटाई: चिंतामण रोड स्थित प्रतिष्ठान के हॉस्टल इंचार्ज गिरफ्तार, जमानत के बाद बर्खास्त; विरोध में NSUI का प्रदर्शन

चिंतामण रोड स्थित महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान में एक वेदपाठी छात्र की छड़ी से बेरहमी से पिटाई करने वाले ​अध्यापक-हॉस्टल इंचार्ज दत्तदास रघुनाथ शेवड़े को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जमानत मिल गई। इधर, प्रतिष्ठान ने भी शेवड़े को सभी सेवाओं से मुक्त कर दिया है।

प्रतिष्ठान में ऋग्वेद शाखा में अध्ययनरत एक वेदपाठी छात्र को 15 मार्च की रात अध्यापक एवं हॉस्टल इंचार्ज शेवड़े ने छड़ी से क्रूरतापूर्वक पीटा था। वजह सिर्फ इतनी थी कि वेदपाठी छात्र अपने कमरे की बजाय दूसरे कमरे में जाकर किसी अन्य छात्र के बिस्तर पर जाकर सो गया था। इस बात से हॉस्टल इंचार्ज शेवड़े इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने सोते हुए वेदपाठी छात्र को जगाकर हॉस्टल कक्ष के बाहर बुलाकर अपशब्द कहे।

जब छात्र ने अपशब्द कहने से मना किया तो शेवड़े ने छात्र को हॉस्टल कार्यालय के कक्ष में ले जाकर छड़ी से बुरी तरह पीटा। उस समय वहां सात अन्य अध्यापक भी मौजूद थे, लेकिन शेवड़े को छात्र को पीटने से नहीं रोका। उस वक्त वहां उपस्थित किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। शनिवार को मारपीट का यह वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को पीड़ित छात्र ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रविवार देर रात चिंतामण थाना पुलिस ने शेवड़े को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

इधर, प्रतिष्ठान में वेदपाठी छात्र के साथ हुई हॉस्टल इंचार्ज द्वारा की गई मारपीट की घटना के विरोध में एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने टावर चौक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। कार्यकर्ताओं ने कहा जिस पवित्र स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा ग्रहण की थी, वहां इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे संस्था की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *