उज्जैन में रंगपंचमी पर रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। यहां सिंधी कॉलोनी चौराहा के पास श्रीकृष्ण-सुदामा रंगोत्सव गेर में मुख्यमंत्री जिस मंच पर मौजूद थे, उससे महज 15 फीट की दूरी पर जोरदार धमाका हो गया।
उज्जैन में गेर के दौरान धमाके में 8 लोग घायल हुए थे।
गेर के दौरान भीड़ के बीच सड़क के डिवाइडर के पास किसी ने कलर स्मोक स्काई शॉट पटाखा फोड़ दिया। इससे तेज धमाका हुआ और अफरा-तफरी मच गई। कई लोग घबराकर गिर पड़े। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घटना में एक मीडियाकर्मी, बीजेपी के मंडल अध्यक्ष समेत 8 लोग घायल हो गए। सभी का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। दो गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी।
जिस धमाके की बात कही जा रही है, वह चाइना मेड मल्टी शॉट फायरवर्क था। इसे रिमोट के जरिए चलाया जाता है।
देखिए हादसे की 7 तस्वीरें…

उज्जैन में गेर की तैयारी चल रही थी। इसी बीच धमाका हुआ।

धमाके के बाद मौके पर करीब 10 मिनट धुआं छाया रहा।

धमाके के बाद लोगों के बीच भगदड़ मच गई।

भगदड़ के बीच कुछ महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई।

अफरा-तफरी में कुछ महिलाएं सड़क पर ही गिर पड़ीं।

घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना में ये हुए घायल
- वीरेंद्र आंजना, बीजेपी मंडल अध्यक्ष, जमालपुरा
- रघुवीर सिंह गोयल (61) निवासी फाजलपुरा
- राजेंद्र भाटिया (57) निवासी अवंतिपुरा
- देवेंद्र चौहान (38) निवासी वसंत विहार
- जितेंद्र कीर निवासी महालक्ष्मी नगर
- आशीष धोलपुरे निवासी महावीर बाग
- प्रशांत यादव (36)
- गोपाल जाट
कपड़ों में लगी आग, चीख-पुकार मची
घायल मीडियाकर्मी प्रशांत यादव ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे सिंधी कॉलोनी चौराहा से लगभग 200 मीटर पहले श्रीकृष्ण-सुदामा गैर की शुरुआत होने वाली थी। रंग-गुलाल खेलने के लिए हजारों लोग वहां जमा थे। करीब 10 मिनट बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंच पर पहुंचे। उनका स्वागत चल रहा था, इसी बीच डिवाइडर के नजदीक जोरदार धमाका हुआ।
ब्लास्ट इतना तेज था कि कुछ पल के लिए आंखों के सामने अंधेरा छा गया। चारों तरफ धुआं फैल गया। लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। धुआं कम होने पर देखा कि कई लोग अपने कपड़ों में लगी आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। कुछ घायल हालत में भीड़ से दूर भाग रहे थे।

दो लोगों के हाथ-पेट और चेहरे झुलसे
जहां धमाका हुआ, उस जगह के सबसे करीब राजेंद्र भाटिया और वीरेंद्र आंजना थे। उनके हाथ, पेट और चेहरे तक झुलस गए। दोनों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोपहर करीब 1:45 बजे इंदौर रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि जिस मंच के पास धमाका हुआ, उसके ठीक सामने मुख्यमंत्री मौजूद थे। यह गनीमत रही कि धमाके के समय मुख्यमंत्री मंच से उतरने वाले थे, जिस कारण लोगों का ध्यान उनकी ओर था और बड़ा हादसा टल गया।
चाइना मेड मल्टी शॉट फायरवर्क में हुआ धमाका
श्रीकृष्ण सुदामा गेर में शामिल होने पहुंचे सीएम से महज 15 फीट की दूरी पर हुए धमाके की दैनिक भास्कर ने पड़ताल की। इसमें पता चला कि जिस धमाके की बात कही जा रही है, वह चाइना मेड मल्टी शॉट फायरवर्क था।
इसे रिमोट के जरिए चलाया जाता है। एक बार में करीब 25 से 30 शॉट फायर होते हैं। इसमें रंगीन रोशनी, धुआं और धमाका भी होता है। कार्यक्रम के दौरान इसी मल्टी शॉट फायरवर्क में धमाका हुआ था।
आमतौर पर इसे बड़े कार्यक्रमों, शादी समारोह या किसी इवेंट में स्टेज पर लगाया जाता है। लेकिन रविवार को गेर के दौरान आयोजन समिति के इवेंट मैनेजर ने इसे सड़क पर रखकर चला दिया।
वीडियो में ब्लास्ट के बाद तीन मल्टी शॉट फायरवर्क दिखाई दे रहे हैं। धमाका एक साथ फूटने की वजह से हुआ। यानी करीब 75 शॉट बारी-बारी से चलने थे, लेकिन वे एक साथ ही फट गए, जिससे कार्यक्रम के दौरान तेज धमाका हो गया।
निगम ने निजी कंपनी को ठेका दिया था
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा- रंगोत्सव में गुब्बारे लगाए गए थे। जेसीबी से मुख्यमंत्री को माला पहनाने का कार्यक्रम भी रखा गया था। एहतियात के तौर पर गुब्बारे हटवा दिए गए थे और जेसीबी से माला पहनाने का कार्यक्रम भी रोक दिया गया था। इसी बीच किसी ने डिवाइडर के पास आतिशबाजी कर दी। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
कार्यक्रम के इंतजाम नगर निगम के पास थे, जिसने एक निजी कंपनी को ठेका दिया था। इसके बावजूद FIR में इनके किसी कर्मचारी का नाम नहीं है।