
आईसीसी टी20 विश्व कप में पाकिस्तान से मिली हार के बाद टीम इंडिया की हार के बाद कप्तान विराट कोहली की बेटी को ऑनलाइन मिल रही धमकियों पर दिल्ली महिला आयोग (DWC) हरकत में आया है. उसने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया कि जिस तरह से 9 महीने की बच्ची को ट्विटर पर धमकियां मिल रही हैं. वो वाकई शर्मनाक है.
हमने दिल्ली पुलिस से इस मामले में जांच संबंधी जानकारी साझा करने का आग्रह किया है. स्वाति ट्वीट किया है कि विराट कोहली की 9 महीने की बेटी को जिस तरह ट्विटर पर धमकी दी गई वो बेहद शर्मनाक है. इसी टीम ने हमें हज़ारों बार गौरवांवित महसूस कराया है, हार पे ये घटियापन क्यों? मैंने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है, 9 महीने की बच्ची को धमकी देने वाले सभी गिरफ्तार हों!
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने नोटिस की कॉपी भी शेयर की है. इसमें कहा गया है कि अगर किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, तो कृपया आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दें. पुलिस से 8 नवंबर तक इस बाबत जानकारी देने को कहा है.
बता दें कि वर्ल्ड कप के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को दस विकेट से हराकर उसे विश्व कप में लगातार छठी जीत से वंचित कर दिया था. देखा जाए तो ये मैच शुरू से ही पाकिस्तान के पक्ष में रहा था. भारत से जीत के लिए मिले 152 रनों का पीछा करते हुए उसके ओपनरों मोहम्मद रिजवान और कप्तान बाबर आजम ने बहुत ही उम्दा बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों को अदद एक विकेट के लिए तरसा दिया था.