
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि अजिंक्य रहाणे की फॉर्म का वह या कोई भी अन्य आकलन नहीं कर सकता है. उन्हें अपनी स्पष्ट स्थिति का पता करने के लिए टीम के समर्थन की जरूरत है. भारत की न्यूजीलैंड पर सीरीज में 1-0 से जीत के बाद भारतीय कप्तान को कुछ मुश्किल सवालों से जूझना पड़ा, जिनमें से कुछ उनकी स्वयं की खराब फॉर्म से जुड़े हुए थे. इस पर उन्होंने कहा कि इसे एक ही तरह से आउट होने के तरीके से नहीं जोड़ा जा सकता है.
उन्होंने इसके साथ ही कहा कि इस महीने के आखिर में होने वाले दक्षिण अफ्रीकी दौरे के लिए टीम कॉम्बिनेशन पर जल्द ही चर्चा होगी। कोहली से जब रहाणे की खराब फॉर्म के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मैं उनकी (रहाणे) की फॉर्म का आकलन नहीं कर सकता। कोई भी ऐसा नहीं कर सकता है। केवल एक खिलाड़ी ही जानता है कि वह किस दौर से गुजर रहा है।’ कोहली ने कहा कि यह अहम है कि पिछले अच्छे रिकॉर्ड को देखते हुए रहाणे टीम में सुरक्षित महसूस करें।
उन्होंने कहा, ‘इस दौर में हमें उनका समर्थन करने की जरूरत है खासकर तब जबकि उन्होंने पहले अच्छा प्रदर्शन किया है। हमारे यहां ऐसा माहौल नहीं है जहां खिलाड़ी यह सोचे कि अब क्या होगा। एक टीम के तौर पर हम ऐसी चीजों पर ध्यान नहीं देते।’ भारतीय कप्तान ने कहा, ‘हम खिलाड़ी जानते हैं कि टीम में क्या हो रहा है। बाहर बहुत कुछ होता रहता है और हम नहीं चाहते कि उससे हमारे खेल पर प्रभाव पड़े। हम अंजिक्य हो या कोई और टीम में हर किसी का समर्थन करते हैं। बाहर क्या हो रहा है हम उस आधार पर फैसले नहीं करते।’