अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और कभी उनके करीबी रहे टेस्ला चीफ इलॉन मस्क के बीच गुरुवार रात जमकर बहसबाजी हुई। यह लड़ाई इतनी बढ़ गई कि मस्क ने ट्रम्प पर महाभियोग लगाने की मांग कर दी। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को राष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए।
मस्क ने इसके बाद ट्रम्प का नाम नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के दोषी जेफ्री एप्स्टीन के साथ जोड़ा। उन्होंने कहा कि ट्रम्प का नाम एप्स्टीन की फाइलों में है। यही वजह है कि इन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया।
वहीं, ट्रम्प ने मस्क की की कंपनियों के सरकारी ठेके और सब्सिडी खत्म करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि मस्क पूरी तरह से पागल हो चुके हैं।
मस्क का पोस्ट, जिसमें उन्होंने जेडी वेंस को राष्ट्रपति बनाने की मांग की…

ट्रम्प और मस्क में सोशल मीडिया पर जंग छिड़ी
इस लड़ाई की शुरुआत उस समय हुई, जब मस्क ने ट्रम्प के उस घरेलू नीति और टैक्स बिल की आलोचना की, जिसे ट्रम्प ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ कहकर प्रचारित कर रहे थे। मस्क ने इस बिल को ‘बहुत बुरा’ बताया।
बात यहीं नहीं रुकी। मस्क ने ट्रम्प और उनके सहयोगियों की पुरानी टिप्पणियों को सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया, जिनमें उन्होंने अमेरिकी सरकार के बढ़ते खर्च और घाटे पर चिंता जताई थी। इससे मामला और बढ़ गया।
इस लड़ाई में अब और लोग भी शामिल हो गए हैं, जिनमें ट्रम्प के राजनीतिक साथी और टेक इंडस्ट्री के बड़े नाम भी हैं। ट्रम्प ने तो यहां तक कह दिया कि वे मस्क की कंपनियों के साथ अमेरिकी सरकार के सारे एग्रीमेंट खत्म करने पर विचार कर रहे हैं।

पढ़िए बहस की शुरुआत कैसे हुई और किसने क्या कहा…
ट्रम्प ने गुरुवार रात करीब 9:35 बजे मीडिया से बात की। पत्रकारों ने पूछा कि मस्क ने आपके बिग ब्यूटीफुल बिल (टैक्स और खर्च बिल) की आलोचना की है। इसके बारे में आप क्या कहेंगे?
इसके जवाब में ट्रम्प ने कहा- मुझे हमेशा से इलॉन पसंद रहे हैं। आपने देखा होगा कि उन्होंने मेरे लिए क्या कहा, उन्होंने मेरे बारे में कुछ भी बुरा नहीं कहा है। मैं चाहूंगा कि वे बिल की बजाय मेरी आलोचना करें, क्योंकि बिल शानदार है। यह हमारे देश के इतिहास में सबसे बड़ी कटौती है।
ट्रम्प ने आगे कहा- इलॉन को इस बिल की पूरी जानकारी थी, शायद यहां बैठे किसी भी इंसान से ज्यादा। उन्हें इससे कोई समस्या नहीं थी। उन्हें अचानक दिक्कत तब हुई, जब पता चला कि हमें इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मैंडेट में कटौती करनी होगी, क्योंकि इसमें अरबों डॉलर का खर्च है।
मैं उनकी बात समझ सकता हूं, लेकिन उन्हें बिल की हर बात पता थी। उन्होंने कभी कोई शिकायत नहीं की, लेकिन वे जैसे ही हमारी सरकार से अलग हुए, उनकी राय बदल गई। मैं इलॉन से बहुत निराश हूं। मैंने उनकी बहुत मदद की है।

मस्क ने ट्रम्प के दावे को झूठा बताया
मस्क ने ट्रम्प के दावे को झूठा बताते हुए कहा, ‘मुझे टैक्स और खर्च बिल बिल के बारे में कुछ नहीं पता था। ट्रम्प का दावा झूठा है।’
मस्क ने X पर लिखा- यह झूठ है। मुझे यह बिल कभी नहीं दिखाया गया और इसे आधी रात को इतनी जल्दी पास किया गया कि कांग्रेस (संसद) के किसी भी सांसद को इसे पढ़ने का मौका तक नहीं मिला।
दरअसल, बाइडेन सरकार ने एक नीति बना रखी थी जिसमें कार कंपनियों को ज्यादा से ज्यादा इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाने को कहा गया था। इसका मकसद पेट्रोल-डीजल पर चलने वाली गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को कम करना था।
ट्रम्प और उनके समर्थक इसके खिलाफ हैं। उनका मानना है कि लोगों को इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए। इलेक्ट्रिक गाड़ियां महंगी हैं। ट्रम्प ने हाल ही में दावा किया था कि उन्होंने ‘इलेक्ट्रिक वाहन मैंडेट’ को खत्म कर दिया है, जिससे लोगों को फिर से अपनी पसंद की गाड़ी खरीदने की आजादी मिली है।
ट्रम्प के इस फैसले का मस्क और उनकी कंपनी टेस्ला पर सीधा असर पड़ेगा क्योंकि मस्क का बिजनेस मॉडल इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) पर ही टिका हुआ है

मस्क बोले- मेरे बिना चुनाव हार जाते ट्रम्प इसके बाद मस्क ने ट्रम्प के विरोध में लगातार कई पोस्ट किए और उन्हें एहसान फरामोश बता दिया। मस्क ने एक पोस्ट में लिखा- मेरे बिना ट्रम्प चुनाव हार जाते। डेमोक्रेट्स हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स पर कब्जा कर लेते और सीनेट में रिपब्लिकन 51-49 के अंतर से जीतते। यह एहसान फरामोशी है। इस पर ट्रम्प ने जवाब में कहा कि वे मस्क के बिना भी चुनाव जीते जाते।
मस्क ने एक अन्य पोस्ट में लिखा- सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल और सोलर एनर्जी की छूट तो कम कर दी, लेकिन ऑयल-गैस कंपनियों को मिल रही मदद को वैसे ही रहने दिया, जो कि बहुत गलत है।
इसके साथ ही, इस बिल में बहुत फालतू खर्च जोड़े गए हैं, जिन्हें हटाना चाहिए। इतिहास में ऐसा कोई कानून नहीं बना, जो साइज में भी बड़ा हो और काम में भी अच्छा हो।
मस्क ने ट्रम्प के बिग ब्यूटीफुल बिल को ‘बिग अग्ली बिल’ बताते हुए कहा- बिग अग्ली बिल से सरकारी घाटा बढ़कर 2.5 ट्रिलियन डॉलर हो जाएगा।
मुझे इसमें कोई परेशानी नहीं है कि मस्क मेरे खिलाफ खड़े हो गए। उन्हें यह महीनों पहले कर देना चाहिए था। बिग ब्यूटीफुल बिल अब तक सबसे बेहतरीन बिल है। इससे सरकार का भारी-भरकम पैसा बचेगा। अगर ये पारित नहीं होता तो टैक्स में 68% का इजाफा हो जाता।
डोनाल्ड ट्रम्प
अमेरिका के राष्ट्रपति
ट्रम्प की सब्सिडी खत्म करने की धमकी
मस्क के बाद ट्रम्प ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल से मस्क को निशाने पर लिया और सब्सिडी खत्म करने की धमकी दी…
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा- इलॉन मेरे लिए परेशानी बन रहे थे। मैंने उन्हें जाने के लिए कहा। मैंने उनका इलेक्ट्रिक वाहन (EV) मैंडेट खत्म कर दिया, जो लोगों को ऐसी इलेक्ट्रिक कारें खरीदने के लिए मजबूर करता था, जिन्हें कोई नहीं चाहता था। उन्हें महीनों से पता था कि मैं ऐसा करूंगा, फिर भी वह पागल हो गए!
एक अन्य पोस्ट में ट्रम्प ने कहा- हमारे बजट में अरबों डॉलर बचाने का सबसे आसान तरीका है कि इलॉन की सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट्स खत्म कर दिया जाए। मुझे हमेशा हैरानी होती थी कि बाइडेन ने ऐसा क्यों नहीं किया।
मस्क ने ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट बंद करने की धमकी दी थी, फिर वापस ली
सब्सिडी खत्म करने की धमकी पर मस्क ने कहा- राष्ट्रपति की तरफ से मेरा सरकारी कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने के बयान के मद्देनजर, स्पेस एक्स तुरंत अपने ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को बंद करने पर काम करेगा। हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने कहा कि वे ऐसा नहीं करेंगे।
ड्रैगन यान नासा के लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि यह अंतरिक्ष यात्रियों और कई जरूरी सामान को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचाता है। अगर मस्क सच में इसे बंद कर देते, तो ISS का भविष्य और भी मुश्किल में पड़ सकता था क्योंकि उसकी हालत पहले से ही खराब है और उसके पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं।

मस्क ने ट्रम्प का नाम एप्स्टीन स्कैंडल में उछाला
मस्क ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प का नाम जेफरी एपस्टीन की फाइलों में शामिल है।
मस्क ने X पर लिखा- अब बड़ा खुलासा करने का टाइम है। डोनाल्ड ट्रम्प का नाम एपस्टीन फाइलों में हैं। यही वजह है कि इन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया। डोनाल्ड ट्रम्प, आपका दिन शुभ हो।
एक अन्य पोस्ट में कहा- इस पोस्ट को भविष्य के लिए नोट कर लें। सच्चाई सामने आएगी।
मस्क ने एप्स्टीन के साथ ट्रम्प का एक वीडियो भी रिपोस्ट किया…
In 1992 Trump partied with Jeffrey Epstein. Just gonna leave this here: pic.twitter.com/eUFm7cGVab
— Natalie F Danelishen (@Chesschick01) June 5, 2025
एप्स्टीन पर नाबालिग लड़कियों के शोषण का आरोप एप्स्टीन केस एक हाई-प्रोफाइल क्रिमिनल मामला है, जिसमें अमेरिकी अरबपति जेफरी एप्स्टीन पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के आरोप लगे थे। इस केस में दुनियाभर के कई हाईप्रोफाइल लोगों के नाम सामने आए थे।
इस मामले की परतें उस वक्त और खुलीं जब वर्जीनिया गिफ्रे नाम की महिला ने सामने आकर कई खुलासे किए। एप्स्टीन को वेश्यावृत्ति और नाबालिग को लालच देने के लिए दोषी ठहराया गया। हालांकि, कुछ सौदेबाजी के बाद उसे सिर्फ 13 महीने की हिरासत मिली, जिसमें वर्क रिलीज की इजाजत थी।

एप्स्टीन को 2019 में फ्लोरिडा और न्यूयॉर्क में नाबालिगों की यौन तस्करी के आरोपों में फिर से गिरफ्तार किया गया। 10 अगस्त 2019 को एप्स्टीन ने जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस वक्त उसकी मौत हुई, ट्रम्प अमेरिका के राष्ट्रपति थे।
वहीं, इस साल 25 अप्रैल को वर्जीनिया गिफ्रे की भी मौत हो गई। रिपोर्ट्स में बताया गया कि उन्होंने आत्महत्या की है। उन्होंने बताया था कि एप्स्टीन ने उन्हें 1999 से 2002 के बीच कई बड़ी हस्तियों के पास भेजा था। उन्होंने यह भी कहा था कि वे एप्स्टीन के जरिए ट्रम्प से कई बार मिली थीं।
ट्रम्प बोले- मस्क के विरोध में होने से दिक्कत नहीं
ट्रम्प और मस्क में जुबानी हमले लगातार तेज होते चले गए। ट्रम्प ने कहा, ‘मस्क को महीनों पहले मेरे खिलाफ हो जाना था।’
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा- मस्क मेरे खिलाफ हो जाते हैं तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उन्हें यह काम महीनों पहले करना चाहिए था। यह बिल कांग्रेस में पेश किए गए सबसे बड़े बिलों में से एक है। मैंने यह गड़बड़ी पैदा नहीं की, मैं इसे ठीक करने के लिए हूं। यह बिल हमारे देश को महान बनाने की राह पर ले जाएगा। मेक अमेरिका ग्रेट अगेन।

ट्रम्प का बिग ब्यूटीफुल बिल अमेरिकी सीनेट में अटक सकता है
ट्रम्प का वन बिग ब्यूटीफुल बिल 22 मई अमेरिकी संसद के निचले सदन से 215-214 के अंतर से पारित हो चुका है। अब इसके ऊपरी सदन यानी सीनेट से पास होने का इंतजार है। हालांकि, मस्क के विरोध के बाद अब इसके पास होने की राह मुश्किल हो सकती है।
ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के पास 100 सीनेट वाले उपरी हाउस में 53 सांसद हैं। 47 डेमोक्रेट हैं। मामूली बहुमत में सिर्फ 4 असहमत सीनेटर पूरे बिल को ठप कर सकते हैं। मस्क के मोर्चा खोलने के बाद कई सांसदों, खास तौर पर रिपब्लिकन सांसद रैंड पॉल ने इस विधेयक का खुलकर विरोध किया है।
नासा के नए हेड को लेकर ट्रम्प-मस्क में नाराजगी थी
मस्क और ट्रम्प की बीच तकरार की प्रमुख वजह अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के नए चीफ का नामांकन भी रहा। ट्रम्प ने पहले जेरेड इसाकमैन को नॉमिनेट किया था, लेकिन बाद में यह कहते हुए नामांकन वापस ले लिया कि मैं जल्द ही एक नए उम्मीदवार की घोषणा करूंगा जो मिशन से जुड़ा होगा।
इसाकमैन को मस्क का सपोर्ट था। इसे लेकर अब ट्रम्प ने कहा कि मुझे पता है कि मस्क, इसाकमैन का सम्मान करते हैं, लेकिन नासा चलाने के लिए मुझे नहीं लगता कि यह सही है।
ट्रम्प ने कहा- इसाकमैन पूरी तरह डेमोक्रेट पार्टी से जुड़े हैं। हमने चुनाव जीता है और हमें कुछ विशेषाधिकार मिले हैं। हमें डेमोक्रेट को अपॉइंट करने की जरूरत नहीं है। नासा बहुत महत्वपूर्ण है।

ट्रम्प से लड़ाई में मस्क को ₹3 लाख करोड़ का नुकसान
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, इलॉन मस्क को ट्रम्प के साथ हुए झगड़े का बहुत ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। टेस्ला के शेयरों में गुरुवार को 14% की गिरावट आई। ट्रम्प की कुल संपत्ति अब 334 बिलियन डॉलर हो गई है।
सिर्फ एक दिन में उनकी संपत्ति से 34 बिलियन डॉलर (करीब 3 लाख करोड़ रुपए) का नुकसान उठाना पड़ा है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक मस्क को नवंबर 2021 के बाद एक दिन में हुआ यह सबसे बड़ा नुकसान है।
ट्रम्प और मस्क के रिश्ते की टाइमलाइन
