
अजब – ग़ज़ब खेल : यूपी पुलिस में 19 साल से नौकरी कर रहा था, जिले का बड़ा हिस्ट्रीशीटर निकला, पता है कैसे खुला खेल?
लखनऊ । पुलिसवाला हिस्ट्रीशीटर! कभी सुना है आपने? उत्तर प्रदेश के देवरिया में ऐसा हुआ है. देवरिया पुलिस से जुड़ा एक होमगार्ड हिस्ट्रीशीटर निकला है. इसपर गैंगस्टर और अपहरण सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं. होमगार्ड का नाम है कमलेश यादव. कमलेश यादव 19 साल से यूपी पुलिस में नौकरी कर रहे हैं, लेकिन इनकी क्राइम कुंडली के बारे में किसी को कानों-कान खबर नहीं लगी. पर, अब ये मामला कैसे खुला? और आगे क्या होगा? आपको सब बताते हैं.
कैसे खुला कमलेश यादव का खेल?
एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2004 में कमलेश यादव पुलिस महकमे से जुड़े थे. छह महीने पहले ही देवरिया पुलिस विभाग ने उन्हें डायल 112 पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन वाहन का चालक बना दिया. लेकिन ये खेल तब खुला, जब हाल ही में देवरिया के सभी पुलिस स्टेशनों में एक अभियान चला. ये अभियान था कि जिले के सभी हिस्ट्रीशीटरों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाए. इसके लिए पुलिसकर्मी इन हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों का पता लगाने लगे. और इसी में एक पता निकला होमगार्ड कमलेश यादव का. बस फिर क्या? पुलिस घर पहुंची तो कमलेश यादव का पूरा बैकग्राउंड सामने आ गया.
अब आगे क्या होगा?
देवरिया के पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पता लगते ही जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. अब पता लगाया जाएगा कि कैसे कमलेश यादव पुलिस अधिकारियों को गुमराह करने में कामयाब रहे और कैसे इतने लंबे समय तक पुलिस विभाग में काम करते रहे.
एसपी संकल्प शर्मा ने ‘न्यूज़ फास्ट’ को बताया कि मामला जैसे सामने आया, तुरंत होमगार्ड कमलेश यादव को ड्यूटी से हटा दिया गया. साथ ही कार्रवाई करने और मामले को देखने के लिए देवरिया होमगार्ड कमांडेंट को एक पत्र लिखा गया. एसपी के मुताबिक सलेमपुर के सर्किल अधिकारी को मामले की विस्तृत जांच करने और जल्द से जल्द एक रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया गया है.