
भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में चल रहा दूसरा टेस्ट का तीसरा दिन अजीबोगरीब घटनाओं के लिए याद किया जाएगा। पहले सेशन में तो स्टार भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल के ऊपर इंग्लैंड के समर्थकों ने बोतल के कॉर्क फेंके। दूसरे सेशन में एक शख्स भारत की जर्सी पहने मैदान में घुस गया। ये घटना तब घटी जब खिलाड़ी लंच के बाद मैदान पर आ रहे थे।जैसे ही लंच के बाद भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतरे एक शख्स भारतीय टीम की जर्सी पहने खिलाड़ियों के साथ मैदान में आ रहा था। उसकी जर्सी के पीछे ‘जार्वो’ लिखा हुआ था।
दरअसल वह शख्स टेस्ट मैच में भारतीय खिलाड़ियों के साथ फील्डिंग करना चाहता था. यही कारण था कि लंच के बाद वह भी खिलाड़ी के वेश में मैदान के अंदर आ गया और फील्डिंग करने की तैयारी करने लगा. ऐसे में अंपायर्स की नजर शख्स पर पड़ी और सुरक्षाकर्मियों से फिर उस शख्स को मैदान से बाहर ले जाया गया. शख्स के इस मजाकिया हरकत को देखकर भारतीय खिलाड़ी अपनी हंसी नहीं रोक पाए, यहां तक कि मोहम्म्द सिराज को खिलखिलाकर हंसते हुए भी देखा गया. सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है.
बता दें कि दूसरे टेस्ट मैच में रूट ने अपने टेस्ट करियर का 23वां शतक जमाया है. पहले टेस्ट मैच में भी रूट ने शतक जमाकर इंग्लैंड के लिए हार बचाई थी. लंच के बाद हालांकि बेयरस्टो को सिराज ने कोहली के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखाई थी. बेयरस्टो 57 रन बनाकर आउट हुए.
भारत की पहली पारी 364 रन पर आउट हो गई, भारत की ओर से केएल राहुल ने शतक जमाया और भारत की पारी के 300 से ज्यादा के स्कोर तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई. राहुल ने अपने टेस्ट करियर का छठा शतक जमाया है.