
भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलिंपिक में जैवलिन (भाला फेंक) में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय खेलों में 7 अगस्त का दिन ऐतिहासिक बना दिया. चोपड़ा ने टोक्यो ओलिंपिक खेलों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर भाला फेंककर दुनिया को स्तब्ध कर दिया और भारतीयों को जश्न में डुबा दिया.
यह टोक्यो ओलंपिक में भारत का पहला गोल्ड मेडल है. इतना ही नहीं, यह भारत का एथलेटिक्स में किसी भी ओलंपिक में पहला ओलंपिक गोल्ड भी है. शायद यही कारण था कि भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मैच की कॉमेंट्री कर रहे पूर्व क्रिकेटर भी खुद को जश्न मनाने से नहीं रोक पाए. पूर्व सुनील गावस्कर तो भांगड़ा करते नजर आए.
भारत के जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया. उन्होंने 87.58 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. नीरज जब टोक्यो में थ्रो कर रहे थे, तब पूरा भारत उन्हें उम्मीद भरी नजरों से देख रहा था. जब उन्होंने गोल्डन थ्रो किया तो आम खेलप्रेमी झूम उठा. भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में कॉमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर तो साथियों संग ‘मेरे देश की धरती सोना उगले’ की धुन पर भांगड़ा करते नजर आए. ओलंपिक और टेस्ट सीरीज दोनों का ही सीधा प्रसारण कर रहे चैनल सोनी टेन-3 में इस पल को खासतौर पर दिखाया गया.
नीरज चोपड़ा की ऐतिहासिक कामयाबी पर उन्हें क्रिकेट जगत से जमकर बधाइयां मिली. सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, वसीम जाफर, गौतम गंभीर जैसे क्रिकेटरों ने ट्वीट कर भारत के इस स्टार को बधाई दी. सचिन तेंदुलकर ने नीरज चोपड़ा की तारीफ करते हुए ट्वीट किया, ‘नीरज ने जैवेलिन को पहुंचाया सूरज तक!’
नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीतकर टोक्यो ओलंपिक में भारत के मेडल की संख्या 7 पहुंचा दी है. भारत ने किसी ओलंपिक में पहली बार 7 मेडल जीते हैं. इससे पहले भारत का ओलंपिक में बेस्ट प्रदर्शन 6 मेडल जीतने का था. भारत ने आठ साल पहले लंदन ओलंपिक में यह प्रदर्शन किया था.