
गाजियाबाद में एक ज्वेलर्स शॉप में घुसे बाप-बेटी ने मिर्च पाउडर झोंक कर सोने की चेन लूट ली। दोनों बाप-बेटी ग्राहक बन कर ज्वेलरी शॉप पहुंचे थे। दुकानदार ने बेटी को पकड़ लिया, लेकिन बाप चेन लेकर फरार हो गया।
घटना सिहानी गेट थाना क्षेत्र के मालीवाड़ा स्थित श्री महालक्ष्मी ज्वेलर्स शॉप की है। पूरी वारदात ज्वेलरी शॉप में लगे CCTV में कैद हुई है। युवती को ज्वेलर्स ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले में आरोपी युवती से पूछताछ शुरू कर दी है।
तीन मिनट तक करते रहे चेन पसंद
बुधवार देर शाम तकरीबन 7 बजे तीन युवक और एक युवती दुकान पर पहुंचे। उन्होंने ज्वैलर्स से सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। करीब 3 मिनट तक वे सोने की चेन पसंद करते रहे। अचानक युवती ने बैग में रखा मिर्ची पाउडर निकाला और सर्राफा व्यापारी पवन गर्ग की आंख में झोंक दिया। मौका पाते ही बाप दो सोने की चेन उठाकर फरार हो गया।
लेकिन फुर्ती दिखाते हुए पवन गर्ग, अभिषेक और मानव ने युवती और उसके दूसरे साथी को पकड़ लिया। शोर सुनकर दुकान के बाहर भीड़ इकट्ठा हो गई। युवती ने पूछताछ में खुद को राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर एन्क्लेव निवासी बताया है। युवती के अनुसार, लूट में उसका पिता भी शामिल था जो फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।