
आईपीएल के खत्म होते ही वर्ल्ड टी-20 का आगाज हो जाएगा. ऐसे में भारतीय खिलाड़ी टी-20 वर्ल्ड कप को देखते हुए आईपीएल को तैयारी की तरह देख रहे हैं. आईपीएल में खेलने वाले कई खिलाड़ी भारत की टी-20 वर्ल्ड कप की टीम का हिस्सा हैं. खासकर मुंबई इंडियंस के 6 खिलाड़ी इस बार टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से खेलते हुए दिखाई देंगे. लेकिन भारत के लिए बड़ा झटका यह है कि मुंबई की ओर से खेल रहे 6 खिलाड़ियों से 3 खिलाड़ियों का फॉर्म बेहद ही खराब है. जिनमें ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या हैं, इन तीनों को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. सबसे हैरानी की बात ये है कि हार्दिक पंड्या और ईशान किशन अबतक इस आईपीएल में कुछ खास नहीं कर पाए हैं.
आरसीबी के खिलाफ मैच में ईशान केवल 9 रन ही बना सके तो दूसरी ओर हार्दिक 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 8 रन की पारी खेली. फैन्स भी इनके द्वारा की गई ऐसे परफॉर्मेंस को देखकर निराश हैं. यही नहीं ईशान भी खुद से काफी निराश नजर आए. यही कारण रहा कि आरसीबी से मिली बार के बाद ईशान काफी निराश नजर आए थे.
ऐसे में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली युवा खिलाड़ी ईशान के पास जाकर उनके बात की और उन्हें मोटिवेट करने की कोशिश की. सोशल मीडिया पर कोहली और ईशान के बीच बातचीत करने वाला वीडियो खूब वायरल हो रहा है. फैन्स भी कोहली के इस कार्य की सराहना कर रहे हैं. कोहली ने काफी देर तक ईशान से बात की और उन्हें समझाते नजर आए. दरअसल कोहली के लिए भी यह एक परेशानी की बात है. आईपीएल के खत्म होने के बाद बड़ा टूर्नामेंट सामने हैं और उनके खिलाड़ी आईपीएल में फॉर्म पाने के लिए जूझ रहे हैं. ऐसे में विराट भी चाहते हैं कि वर्ल्ड कप के आगाज से पहले ही सभी खिलाड़ी अपने रंग में नजर आए.
ईशान ने अबतक इस आईपीएल में 8 मैच खेले हैं और 107 रन बनाए हैं, दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव ने 10 मैच में 189 रन जरूर बनाए हैं लेकिन उनकी बल्लेबाजी में कॉन्फिडेंस गायब नजर आ रहा है. हार्दिक की बात करें तो इस खिलाड़ी का हाल तो सभी से बुरा है. अबतक हार्दिक ने 8 मैच में केवल 55 रन ही बना सके हैं औऱ साथ ही गेंदबाजी भी नहीं कर रहे हैं.