
ट्रांसजेंडर लोक नृत्यांगना मंजम्मा जोगती को मंगलवार को राष्ट्रपति ने पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया। मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा उनको ये पुरस्कार दिया गया. ये पुरस्कार लेने से पहले मंजम्मा जोगती ने कुछ ऐसा किया जिसकी चर्चा हर जगह हो रही है. दरअसल जब पुरस्कार देने के लिए उनको बुलाया गया तो उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अभिवादन अनोखी तरह से किया. अभिवादन करते हुए उन्होंने सबसे पहले दरबार हॉल की जमीन को छुआ. फिर अपनी साड़ी के पल्लू को राष्ट्रपति कोविंद की तरफ घुमाया. मंजम्मा जोगती की ओर से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अनोखे अंदाज में किए गए इस अभिवादन की वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है.
मंजम्मा जोगती की इस वीडियो पर कई सारे कमेंट लोगों द्वारा किए जा रहे हैं. इस वीडियो पर कमेंट करते हुए कई लोगों ने लिखा है कि मंजम्मा जोगती राष्ट्रपति कोविंदको शुभकामनाएं दे रही हैं.
कौन हैं मंजम्मा जोगती:-मंजम्मा जोगती का जन्म कर्नाटक के बेल्लारी जिले के कल्लुकंब गांव में हुआ था. इनका असल नाम मंजूनाथ शेट्टी है और ये कला के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं. 18 अप्रैल, 1964 में जन्मी मंजम्मा जोगती कन्नड़ थिएटर अभिनेत्री, गायिका और नर्तकी के तौर पर जानी जाती हैं.
भारत सरकार ने नृत्य कला के क्षेत्र में अहम योगदान देने के लिए उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया है. साल 2006 में उन्हें कर्नाटक जनपद अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था. वहीं साल 2019 में मंजम्मा जोगती कर्नाटक जनपद अकादमी की पहली ट्रांसजेंडर अध्यक्ष भी बनीं. इसके अलावा साल 2010 में कर्नाटक सरकार ने उन्हें वार्षिक कन्नड़ राज्योत्सव पुरस्कार से भी सम्मानित किया था.