
राष्ट्रीय स्तर की महिला पहलवान निशा दहिया की हरियाणा के सोनीपत में गोली मारकर हत्या करने की खबर गलत निकली. निशा ने खुद एक वीडियो जारी कर इस खबर को गलत बताया.
मीडिया में निशा को हरियाणा में गोली मारे जाने की खबरें सामने आने के बाद उन्होंने यह वीडियो जारी किया है. वीडियो में निशा के बगल में ओलिंपिक खेलों की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट साक्षी मलिक भी हैं. वीडियों में निशा बता रही हैं कि वे सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए इस समय यूपी के गोंडा में हैं. न्यूज एजेंसी भाषा ने भी पुष्टि की है कि अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता निशा दहिया राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिये उत्तर प्रदेश के गोंडा में है.

बाद में साक्षी मलिक ने भी इस केप्शन के साथ निशा का फोटो ट्वीट किया, ‘वह जिंदा है.’