
भक्त कब से कर सकेंगे रामलला के दर्शन, कब पूरा होगा मंदिर निर्माण… प्राण प्रतिष्ठा के बाद जानें आगे क्या-क्या होगा
1. मंदिर में दर्शन कब से कर सकेंगे?
राम मंदिर को आम लोगों के लिए 23 जनवरी से ही खोल दिया जाएगा. हर दिन डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है. इसलिए रामलला के दर्शन के लिए हर श्रद्धालु को 15 से 20 सेकंड का ही समय मिलेगा.
2. कब कर सकेंगे दर्शन?
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट के मुताबिक, मंदिर को दर्शन के लिए सुबह और शाम साढ़े 9 घंटे खोला जाएगा. सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक दर्शन हो सकेंगे.
3. आरती का समय क्या होगा?
वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, सुबह साढ़े 6 बजे और शाम को साढ़े 7 बजे आरती होगी. सुबह की आरती में शामिल होने के लिए पहले से बुकिंग करवानी होगी. शाम की आरती के लिए उस दिन भी बुकिंग हो सकती है
4. बुकिंग कैसे होगी?
आरती में शामिल होने के लिए पास जारी किए जाएंगे. ये पास श्रीराम जन्मभूमि के कैम्प ऑफिस से मिलेंगे. आरती शुरू होने से आधे घंटे पहले पास मिलेगा. पास लेने के लिए सरकारी आईडी प्रूफ साथ ले जाना होगा. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट पर जाकर भी पास लिया जा सकता है.
5. क्या सबको मिलेगा पास?
आरती पास सेक्शन के मैनेजर ध्रुवेश मिश्रा ने न्यूज एजेंसी को बताया था कि पास फ्री में जारी किया जाएगा. एक वक्त की आरती के लिए फिलहाल 30 लोगों को ही पास दिया जाएगा. बाद में इस संख्या को और भी बढ़ाया जा सकता है.
6. मंदिर पूरा कब तक बनेगा?
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने न्यूज एजेंसी को बताया था कि इस साल मंदिर पूरा बनकर तैयार हो जाएगा. उन्होंने बताया था कि 23 जनवरी से ही पूरे उत्साह और वचनबद्धता के साथ निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा.
राम मंदिर का पूरा परिसर 70 एकड़ में बन रहा है. मुख्य मंदिर के अलावा 6 मंदिर और बनने हैं. परिसर में राम मंदिर के अलावा गणपति मंदिर, मां अन्नपूर्णा मंदिर, माता भगवती मंदिर, शिव मंदिर और हनुमान मंदिर भी बन रहा है.
7. कैसा है राम मंदिर?
अयोध्या में राम मंदिर को पारपंरिक नागर शैली में बनाया गया है. मंदिर 2.7 एकड़ में बना है. ये तीन मंजिला है. इसकी लंबाई 380 फीट और ऊंचाई 161 फीट है.
मंदिर का प्रवेश द्वार ‘सिंह द्वार’ होगा. राम मंदिर में कुल 392 पिलर हैं. गर्भगृह में 160 और ऊपर में 132 खंभे हैं. मंदिर में 12 प्रवेश द्वार होंगे.
सिंह द्वार के जरिए जैसे ही मंदिर में प्रवेश करेंगे, सामने आपको नृत्य मंडप, रंग मंडप और गूढ़ मंडप भी दिखेगा. मंदिर परिसर में सूर्य देवता, भगवान विष्णु और पंचदेव मंदिर भी बन रहा है.
हेलिकॉप्टर सर्विस भी होगी शुरू
यूपी सरकार जल्द ही अयोध्या में हेलिकॉप्टर सर्विस भी शुरू करने जा रही है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इसी महीने सर्विस शुरू हो सकती है. ये सर्विस छह शहरों- गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, मथुरा और आगरा में शुरू होगी.
गोरखपुर से अयोध्या तक हेलिकॉप्टर से दर्शन करने के लिए 11,327 रुपये प्रति व्यक्ति किराया लगेगा. वहीं, वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज से 14,159 रुपये प्रति व्यक्ति किराया लिया जाएगा. जबकि मथुरा और आगरा से ये किराया 35,399 रुपये प्रति व्यक्ति होगा.