डबरा में पेट्रोल पंप पर CNG भरवाते वक्त ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, कर्मचारी अरमान खान ने सोशल मीडिया से सीखी CPR देकर 55 सेकेंड में बचाई जान, CCTV में कैद हुई इंसानियत की मिसाल

ग्वालियर जिले के डबरा में पेट्रोल पंप पर कार ड्राइवर को हार्ट अटैक आ गया। पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे तुरंत कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) दिया। जिसकी वजह से उसकी जान बच गई। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

हार्ट अटैक आने से कार ड्राइवर जमीन पर गिर पड़ा। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने सीपीआर देकर उसकी जान बचाई।

वाकया ग्वालियर-झांसी हाईवे पर श्रीराम फिलिंग स्टेशन का है। सोमवार शाम करीब 4 बजे एक युवक अपनी कार में सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर पहुंचा। जैसे ही उसने गाड़ी का गेट खोला, वह अचानक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे गिरता देख भीड़ जमा हो गई। किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ है।

पंप पर काम करने वाले अरमान खान, शंकर भदौरिया और रविंद्र कुशवाहा तुरंत मदद के लिए दौड़े। ड्राइवर के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी, जिसे देखकर अरमान ने बिना वक्त गंवाए उसे CPR देना शुरू कर दिया।

अरमान करीब 55 सेकेंड तक युवक की छाती को पंप करता रहा, जिससे युवक की धड़कन लौट आई। बाद में उसे इलाज के लिए डबरा सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

देखिए, तीन तस्वीरें…

कार में CNG भरवाने आया युवक अचानक जमीन पर गिर पड़ा।

युवक के आसपास लोग इकट्ठे हो गए।

पंपकर्मी अरमान और उसके साथियों ने युवक को सीपीआर दिया।

मोबाइल पर वीडियो देखकर सीखी प्रक्रिया अरमान खान ने कहा- गाड़ी नंबर MP07 AD 5176 का ड्राइवर सीएनजी भरवाने आया था। गैस भरवाने के बाद जैसे ही उसने गाड़ी का गेट खोला, अचानक नीचे गिर पड़ा। पहले तो कुछ समझ नहीं आया, लेकिन ड्राइवर की हालत देखकर तुरंत अंदाजा हो गया कि उसे हार्ट अटैक आया है।

मैंने सोशल मीडिया पर कई बार सीपीआर के वीडियो देखे थे। बस वही याद करके मैंने बिना डरे उसकी छाती को पंप करना शुरू किया। काफी देर की मेहनत के बाद आखिरकार उसकी सांसें वापस लौट आईं।

पेट्रोल पंप के मालिक विवेक गुप्ता ने कहा- समय रहते मदद मिल जाने से कार ड्राइवर की जान बच गई। आजकल सोशल मीडिया पर सीपीआर के कई वीडियो वायरल होते हैं, जिन्हें देखकर युवा इसे सीख रहे हैं। अरमान ने भी ऐसा ही वीडियो देखकर सीपीआर देना सीखा है।

पेट्रोल पंप पर काम करने वाले अरमान खान ने सोशल मीडिया से CPR देना सीखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *