डोनाल्ड ट्रंप को लेकर व्हाइट हाउस के डॉक्टर का दावा

विश्वभर में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के संक्रमण ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपनी चपेट में लिया था. हाल ही में ट्रंप सैन्य अस्पताल से इलाज के बाद व्हाइट हाउस लौटे हैं. वहीं व्हाइट हाउस के डॉक्टर सीन कॉनले ने उनकी जांच की है, जिस दौरान ट्रंप में अब कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं.सीन कॉनले ने शनिवार देर रात यह बात कही. उन्होंने कहा, ‘आज शाम को ये सूचित करते हुए मुझे खुशी हो रही है कि राष्ट्रपति ट्रम्प से अब किसी को कोरोना का खतरा नहीं है.’ उन्होंने कहा कि वह अब सार्वजनिक जीवन में लौट सकते हैं. राष्ट्रपति को पिछले हफ्ते शुक्रवार से ही बुखार नहीं है. राष्ट्रपति ट्रम्प का COVID-19 के लिए चिकित्सकों के दल द्वारा बताया गया उपचार पूरा हो गया है.

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के कोरोना संक्रमित होने के बारे में पिछले हफ्ते पता चला था और इस शनिवार को इसके 10 दिन पूरे हो गए. डॉक्टर कॉनले ने कहा था कि शनिवार तक उनका सार्वजनिक जीवन में लौटना सुरक्षित होगा. फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा था कि वह अच्छा महसूस कर रहे हैं और रैलियां करना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं अच्छा, बहुत अच्छा बल्कि एकदम बढ़िया महसूस कर रहा हूं. मैं तैयार हूं, रैलियां करना चाहता हूं.’

 

शनिवार को डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस की बालकनी में आए. बाहर काफी संख्या में उनके समर्थक थे. ट्रम्प ने समर्थकों के सामने मास्क हटाया. कोरोना से ठीक होने के बाद यह पहला मौका था, जब ट्रम्प इस तरह से सार्वजनिक रूप से सामने आए. व्हाइट हाउस की बालकनी से बोलते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मुझे बहुत अच्छा लग रहा है. मैं चाहता हूं कि आपको पता चले कि हमारा देश इस भयानक चीनी वायरस को हराने जा रहा है.’ ट्रम्प ने सैकड़ों समर्थकों को संबोधित किया, जो मास्क पहने हुए थे लेकिन कार्यक्रम में बहुत कम सोशल डिस्टेंसिंग देखी गई. ट्रम्प ने कहा कि कोरोना गायब हो रहा है.

 

इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि वह अब कोई दवा नहीं ले रहे हैं. शुक्रवार को ऑन एयर हुए एक टेलीविजन इंटरव्यू में ट्रम्प ने कोरोना से जुड़ी अपनी जंग के बारे में जानकारी साझा की. इंटरव्यू के दौरान ट्रम्प ने कहा, ‘अब मैं दवा से मुक्त हूं, अब मैं कोई दवाई नहीं ले रहा हूं.’ बताते चलें कि डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें इलाज के लिए मिलिट्री अस्पताल में भर्ती किया गया था. मेलानिया के स्वास्थ्य में भी पहले से काफी सुधार है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *