
भारत ने अक्टूबर से वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम और कोवैक्स के तहत दुनिया के अन्य देशों को टीका दोबारा मुहैया कराने का फैसला किया है. इस घोषणा के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया का धन्यवाद किया है. बता दें कि कोवैक्स कोविड टीकों के लिए समान वैश्विक पहुंच के लिए एक पहल है।वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख टेड्रोस घेब्रेयसस ने एक ट्वीट करके लिखा कि, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया द्वारा कोविड वैक्सीन कोवैक्स की शिपमेंट फिर से शुरू करने के लिए धन्यवाद। यह 2021 के आखिर तक सभी देशों में 40 फीसद टीकाकरण लक्ष्य तक पहुंचने के लिए जरूरी विकास है।
मंडाविया ने 20 सितंबर को घोषणा करते हुए कहा था कि वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम के तहत और कोवैक्स ग्लोबल पूल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए 2021 की चौथी तिमाही में कोरोना वायरस के टीकों का फिर से निर्यात शुरू करेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि भारत के नागरिकों का टीकाकरण सबसे टॉप प्राथमिकता बनी हुई है। आने वाले वक्त में कोविड टीके के प्रोडक्शन को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार को अक्टूबर में 30 करोड़ से अधिक और अक्टूबर से दिसंबर के बीच 100 करोड़ से अधिक टीके मिलेंगे।
भारत में अब तक 82.65 करोड़ टीके दिए गए हैं। इसमें दोनों डोज़ शामिल हैं। भारत के नागरिकों को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ हमारा आदर्श वाक्य रहा है। ऐसे में हम कोवैक्स के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए वैक्सीन मैत्री के तहत कोविड टीकों का निर्यात फिर से शुरू करेंगे।
बता दें कि कोवैक्स एक ग्लोबल प्रोग्राम है। कोवैक्स प्रोग्राम का जिम्मा CEPI, GAVI और WHO जैसे संस्था उठा रहे हैं। कोवैक्स का लक्ष्य है दुनिया के गरीब देशों को कोविड वैक्सीन की सप्लाई।