क्या वुहान से फैला था कोरोनावायरस, पता लगाने चीन जा रही WHO की टीम

चीन  ने सोमवार को कहा कि महामारी का रूप ले चुके कोरोनावायरस  की उत्पत्ति की जांच करने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन  के विशेषज्ञों का समूह बृहस्पतिवार को यहां आएगा. इसके साथ ही इसे लेकर अनिश्चय की स्थिति और दौरे की इजाजत में विलंब का अंत हो जाएगा

सरकारी समाचार चैनल ‘सीजीटीएन’ ने चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के हवाले से एक खबर में कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के विशेषज्ञ 14 जनवरी को चीन का दौरा करेंगे। ये विशेषज्ञ वुहान जाएंगे जहां 2019 के दिसंबर में इस संक्रमण के मामले सबसे पहले सामने आए थे। वुहान में वायरस की उत्पत्ति की व्यापक मान्यता पर सवाल उठाने वाले बीजिंग ने विशेषज्ञों के दस सदस्यीय दल को दौरे की अनुमति देने में विलंब किया था। डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञों की यात्रा की पुष्टि करते हुए चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाऊ लिज़ान ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि चीन वायरस की उत्पत्ति और उसके फैलने के मार्ग का पता लगाने के विश्वभर के विशेषज्ञों के अध्ययन का समर्थन करता है।

झाऊ ने हालांकि यात्रा से जुड़ी विस्तृत जानकारियां और उन्हें ‘वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (डब्ल्यूआईवी) में जाने की अनुमति होगी या नहीं, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। कोरोना वायरस को ‘‘चीनी वायरस’’ कहने वाले अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया है कि यह वायरस की उत्पत्ति डब्ल्यूआईवी से हुई है और इस संबंध में जांच की मांग भी की है। डब्ल्यूआईवी ने हालांकि इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इन्हें खारिज कर दिया है।

इससे पहले, राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) के उप प्रमुख जेंग यिशिन ने नौ जनवरी को मीडिया से कहा था कि वुहान में टीम के आने के वक्त पर अभी विचार किया जा रहा है। जेंग ने बताया कि चीन और डब्ल्यूएचओ के बीच चार वीडियो कॉन्फ्रेंस में जांच के विशेष बंदोबस्त को लेकर सहमति बनी है। जांच करने आ रहे दल के साथ चीन के विशेषज्ञ भी वुहान जाएंगे। इससे पहले डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस अधानोम गेब्रेयेसस ने विशेषज्ञों के दल को आवश्यक अनुमतियां नहीं देने पर बीजिंग की आलोचना की थी। इस विशेषज्ञ दल के वहां 14 दिनों तक पृथक-वास में रहने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *