
पिता को गोली मारने के बाद सीसीटीवी वीडियो में छोटा बेटा आसिफ भागता हुआ दिखा।
उज्जैन में कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद हाजी कलीम खान उर्फ गुड्डू (60) की हत्या छोटे बेटे ने 12 बोर की बंदूक से गोली मारकर की थी। उस समय कलीम खान सो रहे थे। हत्या के बाद छोटे बेटे दानिश का बंदूक लेकर भागते हुए
सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
घटना के बाद से दानिश और उसका दोस्त सोहराब फरार हैं। हत्याकांड में शामिल उसकी मां नीलोफर, बड़े भाई आसिफ, दोस्त जावेद और इमरान को शुक्रवार देर शाम तक ही गिरफ्तार कर लिया गया था। कलीम शहर के नीलगंगा की वजीर पार्क कॉलोनी में रहते थे। उनका शव शुक्रवार सुबह 4.30 से 5 बजे के बीच खून से लथपथ हालत मिला था। उनके सिर में गोली लगी थी।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि हाजी कलीम खान ने छोटे बेटे दानिश को उसके चाल-चलन की वजह से 13 साल की उम्र में ही घर से निकाल दिया था। तब से वह अपने ननिहाल इंदौर में रह रहा था था। 5 महीने पहले उज्जैन आया था।

पुलिस ने पूर्व पार्षद की पत्नी, बेटे और उसके दो दोस्तों को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
हमले की वजह प्रॉपर्टी का विवाद
एसपी के मुताबिक, ‘गुड्डू कलीम ने अपने भतीजे के नाम करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी कर दी थी, घटना की मुख्य वजह यही है। मृतक की पत्नी नीलोफर और बेटे मिंटू उर्फ आसिफ ने बताया कि कलीम ने इंदौर, आगर मालवा, राजस्थान में करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी खरीदी थी। कुछ महीनों से वो अपने साथ रहने वाले भतीजे आरिफ के नाम से प्रॉपर्टी खरीद रहे थे। इसे लेकर पत्नी और दोनों बेटों ने उनकी हत्या की साजिश रची।’
1 घंटे में प्लान, ऐसे दिया वारदात को अंजाम
गुड्डू पर 4 अक्टूबर को भी मॉर्निंग वॉक के दौरान जानलेवा हमला हुआ था। कार से आए हमलावरों ने उन पर पिस्टल से तीन फायर किए थे। जान बचाने के लिए वे नाले में कूद गए थे। उन्हें हाथ में फ्रैक्चर हुआ और गोली छूकर निकली थी। गुरुवार देर रात तक पुलिस उनसे इसको लेकर पूछताछ करती रही थी।
जब वे गुरुवार रात घर पहुंचे, तो उन्होंने पत्नी और बेटे आसिफ को कह दिया था कि शुक्रवार तक उन्हें हमलावर का नाम पता चल जाएगा। इसके बाद ही 1 घंटे के अंदर पत्नी-बेटों ने पूर्व पार्षद की हत्या की साजिश रची। बड़े बेटे ने जानबूझकर घर के दरवाजे खुले रखे। सुबह 4.30 बजे छोटा बेटा दानिश अपने दोस्त सोहराब और जावेद के साथ घर में घुसा।
पहले फ्लोर पर पूर्व पार्षद के बेडरूम में पहुंचा। नीलोफर ने बेडरूम का गेट खोला। दानिश साथ में 12 बोर की बंदूक लेकर आया था। हत्या के बाद वह भाग निकला।
पूर्व पार्षद हाजी कलीम खान पर 4 अक्टूबर को भी हमला किया गया था। गुरुवार रात उन्होंने पत्नी से कहा कि शुक्रवार तक हमलावरों का पता लग जाएगा। इसके बाद मर्डर की साजिश रची गई।
पूर्व पार्षद की पत्नी से सवाल किए, खामोश खड़ी रही
एसपी ने बताया कि गुड्डू कलीम और उसकी पत्नी का भी विवाद था। इस कारण वो पति से अलग रह रही थी। तीन दिन पहले ही वो घर आई थी। यहां उसने बेटों के साथ मिलकर साजिश रची। वह थाने में मुंह छिपाकर खड़ी रही।

इन बड़ी प्रॉपर्टी का मालिक थे कलीम खान
होटल वेलकम: पूर्व पार्षद के बड़े बेटे असिफ के नाम है। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है।
होटल प्रेसिडेंट: पूर्व पार्षद और पत्नी नीलोफर के नाम है। कीमत 50 करोड़ रुपए है।
नई खेड़ी में 24 बीघा जमीन: पूर्व पार्षद, पत्नी और उसकी बहन शकीला के नाम है। कीमत 25 करोड़ रुपए है।
होटल ब्लू स्टार: महाकाल के पास यह होटल पत्नी के नाम है। कीमत 8 करोड़ रुपए है।
इंदौर में पत्नी के नाम 10 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी है।
आगर में 35 बीघा जमीन भतीजे आरिफ के नाम है। कीमत 4 करोड़ रुपए है। राजस्थान में डेढ़ करोड़ रुपए का प्लॉट भी भतीजे के नाम पर है।