पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को मिली कानूनी मदद, उज्जैन-मुंबई पुलिस करेगी पूछताछ; कोर्ट ने दी 4 दिन की रिमांड – देखें VIDEO

हिसार की यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की ओर से उज्जैन और मुंबई में बनाए गए वीडियो।

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने अपने लिए कोई वकील नहीं किया है। गुरुवार (22 मई) को हिसार कोर्ट में पेशी के वक्त जज ने ज्योति से इस बारे में पूछा।

जिसके जवाब में ज्योति ने कहा कि उसने कोई प्राइवेट वकील नहीं किया है। इसके बाद कोर्ट ने ज्योति की लीगल मदद के लिए डिफेंस लीगल एंड काउंसिल (DLAC) को आदेश दिए। इससे जुड़े 3 वकील जोगमनी शर्मा, दीपक और नितिन कोर्ट में पहले से मौजूद थे। उन्होंने उसी वक्त ज्योति के बचाव में दलीलें दीं। सरकार की ओर से सहायक जिला न्यायवादी मनदीप बड़क पेश हुए।

वहीं, ज्योति से अब मुंबई और मध्यप्रदेश की उज्जैन पुलिस भी पूछताछ करेगी। ज्योति ने 3 बार मुंबई जाकर वीडियो बनाए थे। मुंबई पुलिस जानना चाहती है कि उसने कहां-कहां के वीडियो बनाए और उन्हें किस-किस के साथ शेयर किया।

साथ ही ज्योति उज्जैन के महाकाल मंदिर में भी गई थी। उज्जैन पुलिस की 5 मेंबरों की टीम हिसार पहुंची है। उज्जैन में ज्योति ने महाकाल मंदिर के वीडियो बनाए थे। जिसे किसके साथ शेयर किया गया, इस बारे में ज्योति से पूछताछ होगी।

2 वजहों से मिला ज्योति का 4 दिन का रिमांड

हिसार पुलिस ने ज्योति का 7 दिन का रिमांड मांगा था। लेकिन, कोर्ट ने 4 ही दिन का रिमांड दिया। इसके पीछे पुलिस की 2 दलीलें रहीं…

पुलिस ने कहा कि अभी ज्योति के मोबाइल-लैपटॉप समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों फोरेंसिक रिपोर्ट आनी बाकी है।

पुलिस ने कहा कि ज्योति देश के कई हिस्सों में गई है। वहां की ट्रैवल हिस्ट्री के लिए अलग-अलग लोकेशन पर जाना है।

गिरफ्तारी के बाद ज्योति की पहली PHOTOS…

हिसार कोर्ट में ज्योति की पेशी पर क्या हुआ था…

गुरुवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे ज्योति को काेर्ट में लाया गया। ज्योति के साथ करीब 6 से 7 पुलिसकर्मी कोर्ट रूम के अंदर गए। बाहर 4 सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए। कोर्ट रूम का गेट बंद कर दिया।

कोर्ट के स्टाफ के अलावा सभी को कोर्ट रूम के बाहर भेज दिया गया। जज के सामने ज्योति के केस से जुड़े पेपर पेश किए गए। जज ने सभी पेपर ध्यान से पढ़े और पुलिस से सवाल किए।

पुलिस ने कोर्ट में ज्योति के लिए 7 दिन का रिमांड मांगा। सरकारी वकील ने कहा- ज्योति ने देश के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैवल किया है। उसकी हिस्ट्री और लोकेशन का पता लगाना है। इसके अलावा फोन और लैपटॉप की फोरेंसिक रिपोर्ट अभी नहीं आई है इसके आधार पर भी पूछताछ की जानी है।

ज्योति के वकीलों ने रिमांड बढ़ाने का विरोध किया। उन्होंने कहा- ज्योति के पास जो जानकारी थी, पुलिस 5 दिन के रिमांड में जुटा चुकी है। इसके अलावा ज्योति के पास कहने को कुछ नहीं है। ज्योति ने पुलिस व दूसरी एजेंसियों को जांच में पूरा सहयोग दिया है।

सरकारी वकील ने फिर कहा कि केस की गंभीरता को देखते हुए कम से कम 5 दिन का रिमांड तो दिया जाना चाहिए। जिसके बाद कोर्ट ने 4 दिन की रिमांड पर भेजा

 

घर से दवाई और डायरी के पेज ले गई पुलिस

ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा ने बताया कि ज्योति अपने ताऊ के लिए दवाई का एक पेज लिखकर दे गई थी। मगर, पुलिस बुधवार को आकर वह पेज और ज्योति की लिखी डायरी भी साथ ले गई। इसके अलावा कुछ और कागजात भी ले गए। पुलिस 4 से 5 बार हमारे घर आ चुकी है। ज्योति के खिलाफ पुलिस को कुछ नहीं मिला है। मेरी बेटी को फंसाया जा रहा है। मुझे भरोसा है कि ज्योति जल्द घर वापस आ जाएगी।

अधिकतम 15 दिन का रिमांड ले सकती है पुलिस

लीगल एक्सपर्ट्स के मुताबिक ज्योति के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट-1923 की धारा 3,4 और 5 के तहत केस दर्ज हुआ है। इसके साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 भी लगी है। इस केस में पुलिस को अधिकतम 15 दिन का रिमांड मिल सकता है। जिसमें से अब 2 बार में 9 दिन का रिमांड मिल चुका है। वहीं पुलिस को 90 दिन के भीतर इस केस की चार्जशीट पेश करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *