पटना:बिहार में जिस सरकारी अधिकारी के घर छापेमारी में लाखों रुपए कैश मिले, उन्हीं के नाम पर 33 लाख से अधिक का लोन भी चल रहा है. मामला पटना के एडीएम सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर से जुड़ा है. बीते दिनों निगरानी ब्यूरो ने पटना

पटना ADM सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनके घर से मिले नोटों को गिनते निगरानी के अफसर.
और बेगूसराय में स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर 79 लाख रुपए से अधिक कैश जब्त किए थे. एडीएम के घर से 4 दर्जन से अधिक लग्जरी घड़ियां भी मिली थी. साथ ही पटना और बेगूसराय में करोड़ों रुपए की जमीन के दस्तावेज भी मिले.
बेगूसराय के रहने वाले हैं रविंद्र कुमार दिवाकर
रविंद्र कुमार दिवाकर मूल रूप से बेगूसराय के रहने वाले हैं. उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी दानापुर में सब रजिस्ट्रार हैं. निगरानी डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में बेगूसराय के पोखरिया स्थित उनके पैतृक आवास पर हुई छापेमारी में 9 लाख रुपये से अधिक कैश और भारी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए हैं.

पटना आवास से 70 लाख कैश मिले
वहीं पटना में रविंद्र कुमार दिवाकर के घर पर छापेमारी में 70 लाख कैश और 6 लाख से अधिक की 48 लग्जरी घड़ियां और जमीन के कई दस्तावेज भी मिले. निगरानी की जांच में यह भी पता चला कि रविंद्र कुमार दिवाकर ने अपने और पत्नी के नाम पर पटना में दो फ्लैट खरीदे जिसकी कीमत 1 करोड़ 7 लाख रुपए है.
वहीं अपने पत्नी और पिता के नाम पर पटना में 3 प्लॉट मिले, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 28 लाख रुपए है. इस बीच यह जानकारी सामने आई कि रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम पर 33.50 लाख रुपए का लोन है.
संपत्ति घोषणा पत्र में बताया था 33.50 लाख का लोन
दरअसल बिहार में सभी सरकारी कर्मियों को हर साल अपनी संपत्ति जारी करने का नियम है. इसी संपत्ति घोषणा पत्र से यह पता चला कि रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम पर 33.50 लाख रुपए का होम लोन है. फरवरी 2026 में रविंद्र कुमार दिवाकर ने संपत्ति घोषणा पत्र में 33.50 लाख रुपए के होम लोन और हाथों में 35 हजार रुपए कैश होने की जानकारी दी थी. इस हलफनामे में रविंद्र कुमार दिवाकर ने बताया कि पीएनबी दरियापुर बेगूसराय से उन्होंने 33.50 लाख रुपए का होमलोन लिया था.
अधिकारी ने बताया- निगरानी थाने में कर्ज दर्ज
पूरी कार्रवाई के बारे में निगरानी डीएसपी वासुदेव राय ने बताया कि रविंद्र कुमार दिवाकर के खिलाफ निगरानी थाने में केस दर्ज है. कोर्ट के आदेश पर तलाशी ली गई है. तलाशी के क्रम में उनके बेगूसराय और पटना स्थित आवास से 79 लाख कैश मिले. अब मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.