टेक्सास ट्रिपल मर्डर: भारतीय मूल के 19 वर्षीय छात्र गौरव चोपड़ा पर माता-पिता और दादी की गोली मारकर हत्या का आरोप, परिवार पर बरसाईं गोलियां, भाई बचा

अमेरिका के टेक्सास से एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां भारतीय मूल के एक 19 साल के लड़के ने कथित तौर पर फायरिंग कर अपने ही माता-पिता और दादी की जान ले ली. इस खौफनाक घटना के बाद पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपी की पहचान गौरव चोपड़ा के तौर पर हुई है.

केआरजीवी 5 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान गौरव चोपड़ा के तौर पर हुई है. उसने कथित तौर पर अपने पिता स्वीरा राम अपनी मां कमलेश रानी और अपनी दादी मिंदर कौर को गोली मार दी. बताया जा रहा है कि उसने अपने भाई पर भी गोली चलाई, लेकिन वह हमले से बच गया और उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहां पहुंचने पर उन्हें दो लोग मृत मिले और आरोपी घटनास्थल से भाग गया था. पुलिस स्वीरा राम को अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

चोपड़ा की गिरफ्तारी एक कार चेज के बाद हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. जानकारी के मुताबिक चोपड़ा की तेज रफ्तार कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी. चोपड़ा को हिरासत में लेने के बाद, पुलिस को उसकी कार में एक हैंडगन मिली और उन्हें शक है कि हत्या उसी हथियार से की गई थी.

अधिकारियों ने घटना के पीछे के मकसद का खुलासा नहीं किया है. वहीं, हिडाल्गो काउंटी के शेरिफ एडी गुएरा ने कहा कि संदिग्ध ने जांच के दौरान कुछ दावे किए जिन्हें जांचकर्ताओं ने सही नहीं माना.

चोपड़ा गुरुवार को अदालत में पेश हुआ और उस पर कई लोगों की हत्या और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया. वहीं अधिकारियों ने चोपड़ा की पहचान यूनिवर्सिटी ऑफ रियो ग्रांडे वैली के छात्र के तौर पर की. यूनिवर्सिटी ने एक बयान में कहा कि उसे पता है कि कैंपस के बाहर चल रही एक आपराधिक जांच में उसके एक मौजूदा छात्र की पहचान हुई है और वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *