भोपाल में एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय शुभम अवस्थी की मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बेटा माधव गंभीर रूप से घायल है। घटना कोलार इलाके में अंकित परिसर के पास मंगलवार रात 12 बजे की है।
इनोवा की टक्कर से 35 वर्षीय शुभम अवस्थी की मौत हो गई, जबकि उनका 7 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है।
ब्रेक की जगह दबा दिया एक्सेलरेटर
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के मुताबिक, चालक अत्यधिक नशे में था। उसने ब्रेक लगाने के बजाय गलती से एक्सेलरेटर दबा दिया, जिससे कार बेकाबू हो गई। हादसे के बाद इनोवा का स्पीडोमीटर 90 किमी/घंटे पर ही अटका मिला।
कई लोगों को चपेट में लिया
बेकाबू गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मारने से पहले सड़क पर कई अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे।
देखिए तस्वीरें

कार के अंदर शराब की बॉटल और कंडोम मिले।

परिचित की कार मांगकर लाया था
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय आरोपी चालक अपनी किसी परिचित की कार मांगकर पार्टी में शामिल होने लाया था। कार के अंदर से एक खाली व एक भरी हुई शराब की बोतल, डिस्पोजल और कंडोम मिले हैं। टक्कर के तुरंत बाद इनोवा के एयरबैग खुल गए, जिससे आरोपी चालक बाल-बाल बच गया।

भीड़ ने चालक को पीटा, कार में की तोड़फोड़
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने नशे में धुत चालक को मौके पर ही दबोच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। गुस्साए लोगों ने इनोवा कार में भी तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।
गंभीर रूप से घायल शुभम अवस्थी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपा जाएगा। वहीं, उनके मासूम बेटे माधव की हालत गंभीर बनी हुई है।
देखिए तस्वीरें

मौके पर खून पड़ा हुआ था।

इस जगह पर इनोवा ने स्कूटी को टक्कर मारी।

हादसे के बाद स्कूटी के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए।कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।