उज्जैन हनीट्रैप का वीडियो: गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर रची साजिश, फर्जी इंस्टाग्राम ID से युवक को फंसाया; बेटे को छुड़ाने पहुंचे पिता, 50 लाख की फिरौती मांगी—आरोपी खुद को ‘दबंग हिंदू सेना’ का संस्थापक बताता है

उज्जैन के बहुचर्चित हनीट्रैप और अपहरण मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। नानाखेड़ा थाना पुलिस द्वारा गिरोह का पर्दाफाश किए जाने के बाद अब जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी आर्यन ने अपनी ही गर्लफ्रेंड को हनीट्रैप की साजिश में शामिल किया था। युवती ने इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर युवक से दोस्ती की और उसे मिलने बुलाया। इसके बाद गिरोह ने उसका अपहरण कर अश्लील वीडियो बनाया और फिरौती वसूली।

सामने आया कि गिरोह पहले भी शंकरपुर क्षेत्र के एक युवक को इसी तरह हनीट्रैप में फंसाकर रुपए वसूल चुका है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह निशाना बनाया था या नहीं।

CCTV फुटेज में कैद हुई फिरौती के बाद रिहाई

 के हाथ एकCCTV फुटेज लगा है। इसमें सफेद कार में सवार आरोपी पीड़ित हैदर को उसके पिता के हवाले करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दिखता है कि फ्रीगंज क्षेत्र में कार रुकती है। पहले दो आरोपी उतरकर आसपास की रेकी करते हैं। इसके बाद एक आरोपी हैदर के पिता को कार तक लेकर आता है। कुछ देर बातचीत के बाद पिता अपने बेटे को साथ लेकर वहां से निकल जाते हैं।

एक आरोपी हैदर के पिता को कार तक लेकर आता है और अंदर बैठाता है।

मुख्य आरोपी हिंदू सेना का संस्थापक

जांच में पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपियों में शामिल लोकेश शर्मा खुद को “दबंग हिंदू सेना” का संस्थापक बताता है। पुलिस गुरुवार को गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं फरार युवती की तलाश में एक टीम सीहोर रवाना की जा रही है।

ऐसे चुनते थे शिकार

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह पहले ऐसे लोगों की जानकारी जुटाता था, जिनके पास हाल ही में बड़ी रकम आई हो या जिन्हें आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके। इस मामले में आरोपी इदरीश पटेल ने पीड़ित हैदर की इंस्टाग्राम आईडी और आर्थिक स्थिति की जानकारी गिरोह तक पहुंचाई। इसके बाद युवती ने दोस्ती कर मुलाकात तय की और पूरी साजिश को अंजाम दिया।

पुलिस की गिरफ्त में सभी आरोपी।

हैदर की जुबानी पूरी वारदात

पीड़ित हैदर पटेल ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई 2026 को इंस्टाग्राम पर ‘अंजलि राठौर’ नाम की युवती का मैसेज आया। उसने नौकरी की जरूरत बताई और कहा कि किसी परिचित ने उसका नंबर दिया है। बातचीत के दौरान युवती ने बताया कि वह सीहोर में नौकरी करती है और उसका परिवार उज्जैन में रहता है। हैदर ने बताया कि वह आइकोनिक होटल में काम करता है और नौकरी के संबंध में वहां बात कर सकता है।

होटल दिखाने के बहाने बुलाया

दो दिन बाद 18 जुलाई को युवती ने मैसेज कर बताया कि वह उज्जैन पहुंच गई है और अवंतिका द्वार रेलवे स्टेशन के बाहर कृष्णा होटल के सामने खड़ी है। हैदर अपनी कार से वहां पहुंचा और उसे लेकर आइकोनिक होटल की ओर गया। होटल बाहर से दिखाने के बाद जब वह युवती को वापस छोड़ने जा रहा था, तभी पंथपिपलई के पास एक कार ने रास्ता रोक लिया।

आरोपियों को थाने के अंदर लेकर जाते पुलिस कर्मी।

मारपीट कर बनाया अश्लील वीडियो

कार से लोकेश शर्मा समेत 3-4 युवक उतरे और डंडों, पाइप व लकड़ी से हैदर की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर युवती को उसके पास बैठाया गया और अश्लील वीडियो बना लिया गया।आरोपियों ने हैदर की आंख पर पट्टी बांधकर उसे एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। मोबाइल और घड़ी छीन ली तथा मोबाइल का लॉक खुलवाकर उसी फोन से उसके पिता और दोस्त को कॉल किया। आरोपियों ने धमकी दी कि युवक नाबालिग लड़की के साथ पकड़ा गया है और यदि 50 लाख रुपए नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर पुलिस में शिकायत कर देंगे।

घर बेचकर जुटाए 10 लाख रुपए

पहले 50 लाख रुपए की मांग की गई। बाद में सौदेबाजी के बाद रकम 26 लाख रुपए कर दी गई। हैदर के पिता ने गांव का मकान बेचकर तत्काल 10 लाख रुपए की व्यवस्था की और शहीद पार्क के पास आरोपियों को नकदी सौंप दी। इसके बाद 19 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे हैदर को छोड़ दिया गया।रिहाई के बाद भी आरोपी नहीं रुके। उन्होंने हैदर के मोबाइल से उसके दोस्त शेखर पटेल को कॉल कर बाकी 16 लाख रुपए की मांग की और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद हैदर ने पुलिस से संपर्क किया।

 

कार में से उतरता हुआ एक आरोपी।

48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

शिकायत मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर गिरोह का खुलासा कर कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश शर्मा, राजपाल सिंह राठौड़, पंकज बमोरिया, यशवंत देवड़ा, आर्यन, मुकेश राठौर, लखन सिंह पंवार, इदरीश पटेल, आयुष जाटवा, इमरान उर्फ राजा पटेल और जयसिंह चौहान शामिल हैं।वहीं दीपक राजपूत और हनीट्रैप की साजिश में शामिल युवती अंजलि ठाकुर अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

सीएसपी बोलीं- फरार युवती की तलाश जारी

सीएसपी श्वेता गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने 48 घंटे के भीतर हनीट्रैप और फिरौती के इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साजिश में शामिल युवती फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम सीहोर भेजी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।