भारत-वेस्टइंडीज T20 टिकट के नाम पर सोशल मीडिया पर साइबर ठगी का खेल, 800 से 7 हजार तक के फर्जी दाम वायरल; टिकट बुकिंग शेड्यूल जारी नहीं, MPCA ने किया अलर्ट

शहर में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज इंटरनेशनल टी-20 के टिकटों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर मैच के टिकटों की बिक्री से जुड़ी जानकारी शेयर की जा रही है, जबकि अभी तक न तो टिकटों की दर तय हुई है, न ही टिकट बिक्री की तारीख पर कोई फैसला हुआ है।

मामला सामने आने पर एमपीसीए ने क्रिकेट प्रेमियों को सतर्क रहने को कहा है। होलकर स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच खेला जाना है। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की सीरीज का यह तीसरा मुकाबला होगा। मेजबान एमपीसीए ने मैच को लेकर अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।

800 से 7 हजार रुपए तक बताई जा रही हैं टिकटों की कीमतें

सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट में टिकटों की जानकारी दी जा रही है।

कई सोशल मीडिया पर वीडियो और रील चलाई जा रही हैं, जिनमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों और कप्तानों की प्रोफाइल बताई जा रही है। इसमें सूर्यकुमार को भारत का कप्तान बताया है, जो टीम में ही नहीं हैं। इसके साथ ही टिकटों की कीमत 800 से 7 हजार रुपए तक बताई जा रही है।

आधिकारिक प्लेटफॉर्म से होगी बिक्री

भारत-वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मैच के लिए टिकटों की बिक्री शुरू नहीं हुई है। संगठन ने अभी तक टिकटों की कीमत तय नहीं की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टिकटों की गलत कीमत का प्रचार किया जा रहा है। दर्शक ऑनलाइन टिकटों की बिक्री में होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *