इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र के नेहरूनगर में प्रेम विवाह के 25 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को वंदना कुशवाह (नाम पुलिस के अनुसार) का शव घर के बाहर बने हौज में पड़ा मिला। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस को वंदना के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।
उपेन्द्र और वंदना।
पुलिस ने मामले में उसके पति उपेंद्र पटेल और जेठानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
11 अगस्त को किया था प्रेम विवाह
पुलिस के मुताबिक उपेंद्र और वंदना पहले राऊ के नेहरूनगर में रहते थे। उपेंद्र की नशे की आदत के चलते वंदना का परिवार राजनगर में किराए के मकान में रहने चला गया था। इसके बाद 11 अगस्त को उपेंद्र ने वंदना के साथ प्रेम विवाह कर लिया।
वंदना के परिजनों ने उसके लापता होने पर चंदन नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस ने वंदना के बयान लिए। बालिग होने के कारण उसने उपेंद्र के साथ रहने की बात कही, जिसके बाद दोनों उपेंद्र के घर रहने लगे। परिजनों के मुताबिक, नशे की आदत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
चीखने की आवाज सुनाई दी, शर्ट पर खून के निशान
गुरुवार दोपहर पड़ोसियों ने उपेंद्र के घर से वंदना के चीखने की आवाज सुनी। कुछ देर बाद उपेंद्र घर से बाहर निकला तो पड़ोसियों ने उसकी शर्ट पर खून के निशान देखे। इसके बाद काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
रात में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घर के बाहर बने हौज से वंदना का शव बाहर निकलवाया। उपेंद्र फुटपाथ पर जूते-चप्पल की दुकान लगाता है। फिलहाल पुलिस पति और जेठानी से पूछताछ कर रही है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट होने के बाद मौत की स्थिति और कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।