मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर (SI) पूजा रघुवंशी ने रोते हुए एक वीडियो बनाया है। वीडियो में वह कह रही हैं कि SP ने 5 महीने से सैलरी रोक दी है। वह रीढ़ की हड्डी के दर्द से परेशान हैं और इलाज करा रही हैं। उनके पास पैसे नहीं हैं, लेकिन सैलरी नहीं मिल रही है।
वीडियो में वह पुलिस विभाग पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए अपनी परेशानी बता रही हैं। उनका कहना है कि वह करीब 5-6 महीने से रीढ़ की हड्डी के दर्द से परेशान हैं। वह लगातार डॉक्टरों के चक्कर लगा रही हैं। अपनी समस्या के बारे में कई बड़े अधिकारियों को भी जानकारी दे चुकी हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।
पूजा के मुताबिक, दर्द इतना ज्यादा है कि वह इसे सहन नहीं कर पा रही हैं। इसी वजह से वह पिछले 5-6 महीने से मेडिकल छुट्टी पर हैं। लगातार डॉक्टरों के चक्कर लगा रही हैं। उन्होंने अपनी समस्या अशोकनगर SP से लेकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) के वरिष्ठ अधिकारियों तक कई बार बताई है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

‘स्पाइन का दर्द ठीक होने तक ऑफिस ड्यूटी दे दीजिए’
महिला SI का कहना है कि वह ड्यूटी से बचना नहीं चाहतीं और आज भी पूरी निष्ठा से काम करना चाहती हैं, लेकिन लगातार भारी और फील्ड ड्यूटी करना उनकी मौजूदा मेडिकल कंडीशन में मुश्किल है। दर्द ठीक होने तक उन्हें ऑफिस ड्यूटी पर पदस्थ किया जाए।
‘5 महीने से सैलरी रोक दी, इलाज के लिए भी पैसे नहीं’
पूजा रघुवंशी ने वीडियो में आरोप लगाया कि अशोकनगर SP राजीव कुमार मिश्रा ने उनकी करीब 5 महीने की सैलरी रोक रखी है। वह लगातार इलाज करा रही हैं। उनके पास पैसे की भी परेशानी है, ऐसे में वेतन नहीं मिलने से मुश्किल बढ़ गई है।
उन्होंने अपनी छोटी बच्ची का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- बीमारी और विभागीय परेशानी के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हैं। विभाग से परेशान होकर लोग आत्महत्या क्यों कर लेते हैं, यह अब उन्हें समझ में आ रहा है। बार-बार निवेदन के बाद भी बात नहीं सुनी गई, इसलिए उन्हें अपनी समस्या सार्वजनिक रूप से रखने के लिए मजबूर होना पड़ा।

SP बोले- करीब 7 महीने से ड्यूटी पर नहीं आईं
अशोकनगर SP राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि पूजा रघुवंशी करीब 7 महीने से ड्यूटी पर नहीं हैं। उनके मेडिकल दस्तावेज विभाग को मिले थे, जिनमें रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्या का उल्लेख था। उन्हें मेडिकल बोर्ड के सामने भी बुलाया गया था।SP के मुताबिक, मई में मेडिकल बोर्ड ने उनकी जांच की थी। जांच के बाद बोर्ड ने उन्हें 10 दिन आराम करने की सलाह दी थी। इसके बाद भी महिला SI ने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की। पूजा रघुवंशी अपनी समस्या को लेकर उपस्थित होकर आवेदन दें और ड्यूटी ज्वाइन करें। उनके मेडिकल दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी।