भोपाल: MP IPS एसोसिएशन ने इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में सज्जन सिंह वर्मा द्वारा IPS अधिकारी को लेकर की गई टिप्पणी की भर्त्सना की है।इस संबंध में संगठन द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि इस कार्यक्रम में मंच प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का दायित्व नगरीय पुलिस इंदौर के पुलिस उपायुक्त IPS अधिकारी नरेंद्र रावत को सोपा गया था।

कार्यक्रम के दौरान पंडाल में अत्यधिक भीड़ के कारण व्यवस्था प्रभावित होने पर श्री रावत द्वारा कार्यक्रम के पूर्व प्रसारित दिशा निर्देशों के अनुसार शासकीय जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए भीड़ को व्यवस्थित किया जा रहा था।
इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी के नेता पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा द्वारा कर्तव्य पर उपस्थित पुलिस अधिकारी के प्रति मीडिया में दिए गए वक्तव्यों में अशोभनीय, आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणियां की गई है।मध्य प्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में भर्त्सना करता है तथा जनप्रतिनिधियों से लोक सेवकों के प्रति मर्यादित एवं संयमित आचरण बनाए रखने की अपेक्षा करता है