
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन राजनीतिक अनुकूलन के सिद्धांत का सबसे अच्छा उदाहरण है…
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले
भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल 6 साल बाद फिर एक दूसरे के गले लग गए हैं। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) लंबे समय तक सहयोगी रहे थे, लेकिन सितंबर 2020 में तीन विवादित कृषि कानूनों को लेकर हुए मतभेदों के कारण इनका गठबंधन टूट गया था। और अब नवंबर 2026 में दोनों ने फिर एनडीए गठबंधन में साथ रहने का फैसला कर लिया है। गठबंधन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा साफ है कि पंजाब में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) सत्ता में आएगा। तो शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल का भी यही मानना है कि एसएडी और बीजेपी का 1996 में परिवार सरीखा रिश्ता बना था और वापस अब पंजाब को बचाना है। आज पंजाब में ड्रग माफिया और गैंगस्टर राज कर रहे हैं। कांग्रेस और आप ने पंजाब को बर्बाद किया है। यानि कि पंजाब की तकदीर संवारना है और उसके साथ ही एसएडी का भविष्य भी सुधारना है।
दरअसल, पिछले छह साल में पंजाब में अलग-अलग होने के बाद दोनों ही राजनैतिक दलों को यह अहसास हो गया है कि एक-दूजे के बिना, दोनों ही अधूरे हैं। हालांकि किसानों के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के चलते मोदी सरकार ने विवादित तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था, लेकिन तब तक 24 साल पुराना गठबंधन टूट चुका था। शिरोमणि अकाली दल को भरोसा था कि किसानों के नाम पर एनडीए गठबंधन से अलग होना उसके लिए अधिक फायदेमंद रहेगा। तो भाजपा भी कहीं न कहीं पंजाब में अपना वजूद तलाशने को बेहतर मान रही थी। लेकिन छह साल में दोनों दलों को पता चल गया कि अलग होना दोनों ही दलों के लिए घाटे का सौदा साबित हुआ है। दोनों दलों ने मिलकर छह लोकसभा चुनाव (1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019) और पांच पंजाब विधानसभा चुनाव (1997, 2002, 2007, 2012 और 2017) लड़े हैं। लेकिन 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में, जब दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, तो अकाली दल का प्रदर्शन अब तक का सबसे खराब रहा और उसे केवल तीन सीटें मिलीं। वहीं, बीजेपी को सिर्फ दो सीटें हासिल हुईं। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में, जब दोनों दल सहयोगी थे, तब अकाली दल ने 15 सीटें जीती थीं और बीजेपी को तीन सीटों पर जीत मिली थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में, पंजाब में अकाली दल को केवल एक सीट मिली, जबकि बीजेपी राज्य में अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।
इसके पहले का इतिहास देखें तो पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) की गठबंधन सरकारें 1997, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों के बाद तीन बार बनीं, जिनमें तीनों बार प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। 1997 में दोनों दलों ने 117 में से 93 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।अकाली दल को 75 और भाजपा को 18 सीटें मिलीं थीं। 2002 में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद गठबंधन ने 2007 में वापसी की और सरकार बनाई।भाजपा को 19 सीटें मिलीं थीं। 2012 में गठबंधन ने 68 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता में रहकर इतिहास रचा। तब अकाली दल 56 और भाजपा 12 सीटें जीती थी। 2017 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनी और 2020 में एसएडी और भाजपा के अलग होने के बाद हुए विधानसभा चुनावों में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बन गई।
पंजाब में लोकसभा चुनावों का परिणाम भी शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के लिए अलग-अलग होने के बाद निराशाजनक ही रहा। 1998 से 2019 लोकसभा चुनाव तक दोनों ही दलों ने पंजाब में सम्मानजनक सीटें पाने में सफलता हासिल की थी। लेकिन अलगाव के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल बड़ी मुश्किल से एक लोकसभा सीट जीत पाई थी, तो भाजपा का खाता भी नहीं खुल पाया था।
और इसीलिए 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अब दोनों राजनैतिक दलों के नेताओं ने फिर से गठबंधन में शामिल होने का बड़ा फैसला लिया है। अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल ने बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान किया है। राष्ट्रीय भाजपा कार्यालय में हुई संयुक्त पत्रकार वार्ता में अमित शाह ने कहा कि अकाली दल और बीजेपी ने फैसला किया है कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव दोनों दल एनडीए के तौर पर लड़ेंगे। मोदी का मानना भी है कि अब अकाली दल के आने के साथ एनडीए पूरा हुआ है। घोषणा पत्र जारी करने से पहले अमित शाह ने कुछ महत्वपूर्ण काम गिनाते हुए कहा कि पंजाब से नशा का उन्मूलन, भ्रष्टाचार का उन्मूलन और राष्ट्रवादी ताक़तों को मजबूत करना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूर्णतया नशे से मुक्त कर देंगे। उन्होंने आगे कहा, ‘अध्यक्ष जी और सुखबीर जी के बीच पंजाब के रोड मैप के लिए तीन माह की लंबी चर्चा हुई है।’ उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस और आप की सरकार ने कुछ नहीं किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन को लेकर कहा कि शिरोमणि अकाली दल एनडीए को मजबूत करेगा। यह स्वाभाविक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि हम पंजाब में विकासोन्मुख सरकार बनाएंगे। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह राजनीतिक गठबंधन नहीं इमोशनल गठबंधन है। उन्होंने कहा कि पंजाब, देश और सिख कौम के वास्ते ये गठबंधन किया गया है। शिरोमणि अकाली दल देश के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है।
सही मायने में यह राजनैतिक अनुकूलन के सिद्धांत का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। यह अलग-अलग होकर दोनों को ही अपना अस्तित्व बनाए रखना मुश्किल हो जाए तब एक साथ आकर मजबूत होने में ही
भलाई है। अनुकूलन का सिद्धांत यह बताता है कि कोई जीव, व्यक्ति या प्रणाली अपने बदलते पर्यावरण या परिस्थितियों के अनुसार स्वयं में आवश्यक बदलाव लाकर जीवित रहने, कार्य करने या आगे बढ़ने के लिए कैसे ढलती है। पंजाब में फिर साथ आए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद एनडीए गठबंधन मे॔ फिर शामिल होने का ऐलान कर संयुक्त रूप से आगे बढ़ने का फैसला लिया है। उम्मीद यही है कि पंजाब में फिर से उनकी सरकार बन जाएगी। पंजाब चुनाव के नजरिए से भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का फिर से एनडीए गठबंधन में शामिल होना राजनैतिक अनुकूलन के सिद्धांत का सबसे अच्छा उदाहरण है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।