कानपुर में 150 किलो के विशालकाय अजगर ने उड़ाए लोगों के होश: 24 घंटे में 5 जगह दिखे अजगर, मोर को निगलते VIDEO ने मचाई दहशत

लखनऊ:उत्तर प्रदेश के कानपुर में इन दिनों सांपों की दहशत ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है. लोगों के बीच एनाकोंडा जैसी दहशत मची हुई है. वजह है पिछले 24 घंटे में 5 अलग-अलग जगहों पर विशालकाय अजगरों का निकलना. खेतों से लेकर हाईवे, पार्कों और रिहायशी इलाकों तक, हर तरफ सिर्फ इन रेंगते हुए विशाल अजगरों की ही चर्चा हो रही है.

कानपुर में सांपों और अजगरों की दहशत.

इन अजगरों ने कहीं मोर को निगल लिया तो कहीं हाईवे जाम कर दिया. कानपुर में एक डेढ़ क्विंटल के अजगर को देख लोगों में बेचौनी और बढ़ गई है. सांपों और अजगर की वजह से बच्चों ने पार्क और किसानों ने खेतों में जाना तक बंद कर दिया है.

खेत में डेढ़ क्विंटल का अजगर निगल रहा था मोर

अरौल थाना क्षेत्र के बेर्राखानपुर गांव का नजारा बहुत ही खौफनाक था, शुक्रवार को रामखिलावन कठेरिया नाम के ग्रामीण के बेटे विशाल ने अपने खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ों के बीच एक विशालकाय अजगर देखा, जिसने एक मोर को बुरी तरह जकड़ रखा था. वह अजगर, मोर को निगलने की कोशिश कर रहा था. इस घटना का रोंगटे खड़ा कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ग्रामीणों ने दावा किया कि इलाके में ऐसे तीन अजगर घूम रहे हैं, जिनमें से एक का वजन करीब 150 किलो है. इस दहशत के चलते किसानों ने अकेले खेतों में जाना बंद कर दिया है.

पार्क में 2 मीटर लंबे अजगर की दहशत

सांपों और अजगर की वजह से पार्क और ईदगाह में अफरा-तफरी का माहौल है. गांवों के साथ ह शहर के अंदरूनी इलाकों में भी अजगरों का आतंक देखने को मिल रहा है. चकेरी के अहिरवां इलाके में कानपुर पब्लिक स्कूल के सामने चकेरी पार्क के गेट पर करीब 2 मीटर लंबा अजगर देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया. पार्क में हर दिन बच्चे खेलने आते है, इस वजह से उनके माता-पिता बहुत ही चिंता में हैं. उन्होंने पुलिस और वन विभाग से अजगरों को पकड़कर बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है.

हाईवे और सड़कों पर भी रेंगते मिले अजगर 

पनकी थाना क्षेत्र में एक अजगर पनकी पड़ाव हाईवे के बिल्कुल बीचों-बीच आ गया. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से उसे किनारे किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ा. दहशत का पांचवां मामला बर्रा थाना क्षेत्र के जरौली फेज-1 का है, जहां साहू टेंट हाउस के पास सड़क पर एक विशालकाय अजगर रेंगते देख लोगों के पसीने छूट गए.

कानपुर में सांपों की दहशत, वन विभाग अलर्ट

5 अजगरों के निकलने से कानपुर में स्नेक फोबिया जैसे हालात पैदा हो गए हैं. सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं और अजगरों को पकड़कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह घबराएं नहीं और किसी भी सांप को देखने पर उसे खुद पकड़ने या मारने के बजाय तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें.

कानपुर में खेतों से लेकर शहर के पार्कों तक हर जगह सांपों का डेरा है. एक ही दिन में 5 अजगर मिलने से इतनी दहशत फैल गई कि बच्चों ने पार्क जाना और किसानों ने खेत में जाना बंद कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *