युवाओं को खुश रखने की मोहन की तैयारी… कौशल किशोर चतुर्वेदी

युवाओं को खुश रखने की मोहन की तैयारी…
जेन-ज़ी के इस युग में युवाओं को खुश रखना हर सरकार के लिए ज़रूरी है। मध्य प्रदेश में यूथ कॉन्क्लेव के जरिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की युवाओं के हित में की गई घोषणाओं को इस संदर्भ से भी जोड़कर देखा जा सकता है। भारत युवाओं का देश है, तो मध्य प्रदेश युवाओं का प्रदेश है। और युवा ही सरकारों को बनाने और गिराने की सबसे बड़ी कड़ी हैं। मोहन ने युवाओं के बड़े भैया बनकर उनके साथ अपनत्व और स्नेह का एक संबंध बनाने की कवायद की है। और उन्हें भी मालूम है कि अब युवाओं को परिणाम चाहिए और परिणामोन्मुखी सरकार ही युवाओं की कसौटी पर खरी उतर सकती है। ऐसे में बड़े भैया बनकर मोहन ने यूथ कॉन्क्लेव के जरिए युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतरने की एक अच्छी पहल की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्ष 2027 प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और एक वर्ष में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की एक नहीं, दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज और रोजगारपरक कोर्स के लिए 12 नए विश्वविद्यालय आरंभ किए जाएंगे, जो कौशल उन्नयन पर केन्द्रित होंगे। प्रदेश के एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ा जाएगा। युवा वर्ष 2027 के लिए एक पोर्टल की भी शुरूआत की जाएगी, जिसमें युवा अपने विचार और सुझाव दे सकेंगे। राज्य सरकार उपयुक्त सुझावों को लागू करने की दिशा में कार्य करेगी। प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। कॉलेजों में विद्यार्थियों के बेहतर प्लेसमेंट के लिए विशेष एजेंसी निर्धारित की जाएगी, जो युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए काम करेगी। स्नातकोत्तर की छात्राओं को गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना में शामिल किया जाएगा। सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और एडवांस कम्प्युटिंग लैब की स्थापना की जाएगी। उच्च शिक्षा में शोध को प्रोत्साहन देने के लिए शोधार्थियों को मिलने वाली राशि को 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रूपए प्रतिमाह किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में 6 अक्टूबर 2026 को की गईं यह घोषणाएं चुनावी वर्ष 2028 में युवाओं की जुबान पर रहेंगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में सीएम यूथ कॉन्क्लेव में यूथ आइकॉनिक सिंगर जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे द्वारा मंत्रमुग्ध करने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई थी। ‘मेरी चौखट पर चलकर आज प्रभु श्रीराम आएं हैं’, ‘शंकर संकट हरना’, ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ जैसे भजनों पर युवा झूम उठे। लाल परेड मैदान युवाओं के उत्साह, उमंग और ऊर्जा से सराबोर हो गया। ‘मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संग-बदलाव के रंग’ की रॉक प्रस्तुति ने युवाओं को आकर्षित किया। लेकिन बात फिर वही है कि आज का युवा हिसाब मांगता है। आज का युवा जवाब मांगता है। और आज का युवा समय के अनुरूप बदलाव मांगता है। ऐसे में यही कहा जा सकता है कि युवाओं को खुश रखने की मोहन की तैयारी अच्छी है… और युवा की उम्मीद यही है कि यह खुशियाँ जमीन पर बिखरी नजर आएं और युवा बड़े भाई मोहन को अपने गले लगाकर खुशियों से झूम उठें।

 

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *