इंदौर के लसूड़िया इलाके में सोमवार देर रात एक कैफे में शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। अपोलो गोल्ड प्राइम बिल्डिंग में दो गुटों के युवक आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों गुट के युवक बिल्डिंग से बाहर आए और पार्किंग में एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए।

मौके पर मौजूद गार्ड ने युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, हालांकि इससे पहले ही दोनों गुटों के युवक फरार हो गए।
कैफे में कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात कैफे में तीन से चार युवक पहुंचे थे। वहां स्टाफ से उनकी कहासुनी हो गई। इस दौरान कुछ युवकों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते दूसरे गुट के युवक भी आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर युवकों को कैफे से बाहर कर दिया गया।

पार्किंग में चले लात-घूंसे
कैफे से बाहर आने के बाद दोनों गुटों के बीच पार्किंग में जमकर मारपीट हुई। युवकों को लड़ते देख बिल्डिंग में तैनात गार्ड ने उन्हें अलग करने का प्रयास किया, लेकिन मारपीट जारी रही। इसके बाद गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों गुटों के युवक भाग चुके थे।

वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
विवाद के दौरान कुछ लोगों ने युवकों के वीडियो बना लिए। शुरुआती जानकारी में अर्जुन, अंकित और कशिक नाम के युवकों की पहचान सामने आई है। लसूड़िया पुलिस वीडियो और अन्य जानकारियों के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है।