नवरात्रि के परम पावन 9 दिन चल रहे हैं और पूरे भारत में माता के भक्त इसे अपनी श्रद्धा से मना रहे हैं. माता का स्वागत कर रहे हैं. लेकिन क्या आपके मन में कभी ख्याल आया है कि आखिर पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग अपना यह त्योहार कैसे मनाते हैं. आज दौर सोशल मीडिया का है और कहां क्या और कैसे हो रहा है,

पाकिस्तान में कैसे मनाई जाती है नवरात्रि, इंस्टाग्रामर ने वायरल रील में दिखाया
यह जानना पहले से कहीं आसान है. पाकिस्तान के कराची में रहने वाली हिंदू कंटेंट क्रिएटर सिंधु नवरात्रि की रील और व्लॉग डाल रही हैं और वह दिखा रही हैं कि कराची के शिव मंदिर में कैसे 9 दिनों तक भक्ति में डूबे लोग इस त्योहार को सेलिब्रेट करते हैं.के इंस्टा हैंडल से रील डालने वाली सिंधु के खबर लिखे जाने तक 22 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे. उन्होंने Navratri Day: 1 – Pakistan नाम से नवरात्रि की पहली रील डाली थी जिस पर अब तक लगभग 6 मिलियन व्यूज आ गए हैं.
पूरे 9 दिन चलता है भक्ति वाला प्रोग्राम
नवरात्रि के पहले दिन को दिखाने वाली सिंधु की रील शुरू ही इस बात से होती है कि यह इंडिया नहीं है. यह तो पाकिस्तान की नवरात्रि है. वीडियो में दिखता है कि सभी श्रद्धालु डांडिया खेल रहे हैं. उनके माथे पर लाल चुन्नी वाली पट्टी बंधी हुई है. यहां हिंदू समुदाय के लोग शिवलिंग पर जलाभिषेक कर रहे हैं. यहां राधा-कृष्ण की भी मूर्ति है. एक मूर्ति शिव-पार्वती की विवाह मुद्रा की भी है. कराची के इस शिव मंदिर में माता दुर्गा की एक बड़ी मूर्ति है जिसमें मां खड़ी हैं. भक्तों ने उन्हें बड़े दिल से सजा रखा है. लाल कपड़ों में उनका श्रृंगार किया हुआ है. मंदिर में साउंड सेट लगा हुआ है और भक्त माइक पर माता जी के गाने गा रहे हैं. आखिर में सुनहरा पर्दा हटता है और सभी माता की मूरत के दर्शन करते हैं. इसके साथ ही जबरदस्त आतिशबाजी होती है और लोगों का डांडिया एक बार फिर शुरू हो जाता है. भक्त आरती लेते हैं. उन्हें प्रसाद मिलता है और आखिर में वे घर जाते हैं.
उन्होंने बताया कि इस नवरात्रि के फंक्शन में मुस्लिम लड़कों को आने की इजाजत नहीं है. यहां तक कि हिंदू लड़कों को भी केवल परिवार के साथ आने दिया जाता है. ऐसा लड़कियों की सेफ्टी (सुरक्षा) के लिए किया जाता है. यह प्रोग्राम शाम के 8 बजे से शुरू होकर रात के 12 बजे तक चलता है.
पाकिस्तान में हिंदू समुदाय
पाकिस्तान सरकार की 2023 की आधिकारिक जनगणना के आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान में हिंदुओं की कुल आबादी लगभग 52 लाख है, जो देश की कुल जनसंख्या का केवल 2.17% ही है. हालांकि आजादी और बंटवारे के समय साल 1947 में तत्कालीन पश्चिमी पाकिस्तान (मौजूदा पाकिस्तान) के इलाकों में हिंदुओं की स्थिति काफी बेहतर थी. उस समय कुल जनसंख्या में हिंदुओं की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से लेकर 20.5 प्रतिशत तक मानी जाती थी.