ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में 5 मौतों से सनसनी, बहन-बहनोई की प्रताड़ना का आरोप! जान देने से पहले महेश ने वॉइस नोट में बयां किया दर्द, संपत्ति विवाद की जांच तेज, पोस्टमार्टम में पॉइजनिंग के संकेत

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत मामले में मृतक महेश का वॉइस नोट सामने आने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है. महेश ने मौत से पहले अपने मोबाइल में एक ऑडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने परिवार की मौत के लिए अपनी दो बहनों और एक बहनोई को जिम्मेदार ठहराया है. महेश के साले की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है.

ग्रेटर नोएडा की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

पुलिस के मुताबिक, परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. शनिवार सुबह रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोग घर में मृत मिले थे. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शुरुआती जांच में मामले को सुसाइड बताया है.

वॉइस नोट में बयां किया दर्द
पांच लोगों की मौत के बाद महेश के मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया वॉइस नोट जांच का अहम हिस्सा बन गया है. इस ऑडियो में महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई पर परिवार की मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस अब वॉइस नोट में कही गई बातों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.

महेश के साले की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों बहनों और बहनोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि, वॉइस नोट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पोस्टमार्टम में मिले पॉइजनिंग के लक्षण
पांचों मृतकों के पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को पॉइजनिंग यानी जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़े लक्षण मिले हैं. इसके बाद सभी मृतकों का विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस के मुताबिक विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी.

फिलहाल पुलिस संपत्ति विवाद, महेश के वॉइस नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़े तथ्यों को जोड़कर मामले की जांच कर रही है. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के पीछे की पूरी कहानी क्या है, इसका खुलासा जांच पूरी होने और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *