इंदौर लोकायुक्त जांच में प्रधान आरक्षक फिरोज खान की कथित बेनामी संपत्ति का खुलासा, 21.97 बीघा जमीन के सौदे और फ्लैट-बैंक खातों की जांच तेज; बेटी की शादी के खर्च भी जांच के दायरे में

प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में इंदौर लोकायुक्त की जांच में प्रॉपर्टी सौदों से लेकर बैंक खातों तक लेनदेन की कड़ियां सामने आई हैं।

इंदौर के श्रीनगर स्थित श्रीदेवी अपार्टमेंट में करीबियों के नाम पांच से छह फ्लैट खरीदने की शिकायत है।

वहीं, सांवेर के ग्राम गुरान में 21.97 बीघा कृषि भूमि के दो अनुबंध रोशनी वर्मा के नाम हुए। लोकायुक्त के सत्यापन प्रतिवेदन में प्रथमदृष्टया फिरोज को वास्तविक खरीदार बताया है।

दोनों अनुबंधों में 81 लाख रु. बयाने का उल्लेख है, लेकिन 5 चेक में से दो की ही राशि जमीन मालिक के पिता के खाते में पहुंची।

सूत्रों के मुताबिक, फिरोज की पत्नी हिना व मां वहीदा खान के नाम से साहिल ट्रेडिंग कंपनी बनाई गई है। जीएसटी पंजीयन में फिरोज का पता है। रोशनी के खाते में साहिल ट्रेडिंग और रोशनी सेल्स एंड सर्विस से भी लेनदेन मिला है।

इंदौर में फ्लैट खरीदकर पूरी बिल्डिंग लेने की शिकायत

शिकायत के मुताबिक, फिरोज का श्रीदेवी अपार्टमेंट में 505 नंबर का फ्लैट था। उसने करीबियों को भी इसी अपार्टमेंट में पांच से छह फ्लैट दिलवाए। आरोप है कि अपार्टमेंट के आसपास गंदगी फैलाई गई और मालिकों को फ्लैट बेचकर जाने के लिए मजबूर करने की कोशिश की गई।

फिरोज पर अपने फ्लैट में तोड़फोड़ करने और दूसरे मालिकों को धमकाने के भी आरोप हैं। शिकायत के अनुसार, वह पुरानी बिल्डिंग तुड़वाकर नई मल्टी बनवाना चाहता था। फ्लैट नंबर 505 में पहले रोशनी वर्मा रहती थी, जो बाद में स्कीम नंबर 94 स्थित फिरोज के पेंटहाउस में शिफ्ट हो गई।

बेटी की शादी भी जांच के दायरे में: डीएसपी

लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान के मुताबिक, बैंक खातों की जानकारी के आधार पर रोशनी के नाम पर फिरोज द्वारा बेनामी संपत्ति खरीदने की बात सामने आई है। अन्य लोगों की भूमिका और बेटी की शादी के खर्चों की जांच जारी है। फिरोज की बेटी की शादी में नोट उड़ाने का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक कांग्रेस नेता के नजर आने की भी चर्चा है।

फिरोज के साथ फोटो वायरल, 12 साल से देवास में रहे आईबी अधिकारी का तबादला

फिरोज के मित्र महेंद्र पटेल का 17 अक्टूबर को भोपाल तबादला किया गया। वे करीब 12 साल से देवास में इंटेलिजेंस ब्यूरो में पदस्थ थे। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में नाव पर सवार फिरोज उनके कंधे पर हाथ रखे पिस्टल ताने दिखाई दे रहा है। तबादले को तस्वीर से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन आदेश में कारण प्रशासनिक बताया गया है। दोनों के बीच किसी आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

गुरान गांव की जमीन के सौदों में तीन चेक की राशि नहीं मिली

एफआईआर के मुताबिक, गुरान में 10.20 बीघा जमीन का बाजार मूल्य 1.18 करोड़ और 11.77 बीघा का 1.36 करोड़ रुपए आंका गया है। दोनों अनुबंधों में क्रमशः 46 लाख और 35 लाख रुपए बयाना देने का उल्लेख है। भुगतान के लिए रोशनी के एक्सिस बैंक खाते से पांच चेक जारी हुए, लेकिन जमीन मालिक के पिता के खाते में केवल दो की राशि जमा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *