
इजरायल में नेतन्याहू की हार से अराफात की आत्मा को खुशी मिली होगी…
इजरायल में नई सरकार को लेकर तस्वीर साफ़ हो गई है। प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी सबसे बड़ा दल बनकर उभरी, लेकिन उनका गठबंधन बहुमत के लिए ज़रूरी 61 सीटें नहीं जुटा पाया। इसके बाद राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने 8 नवंबर को पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइज़नकोट को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। आइज़नकोट को 67 सांसदों का समर्थन मिलने की बात सामने आ रही है, जो बहुमत के आंकड़े से 6 ज़्यादा हैं। बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में फिलिस्तीनी क्षेत्रों (गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक) पर लगातार सैन्य और प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। इन कार्रवाइयों को लेकर नेतन्याहू सरकार को वैश्विक स्तर पर गंभीर आलोचनाओं और कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। ऐसी स्थिति में नेतन्याहू की हार फिलिस्तीनी नागरिकों के लिए बड़ी खुशी का अवसर है। और ऐसा माना जा सकता है कि नेतन्याहू के हटने से कहीं न कहीं फिलिस्तीनी मुक्ति संगठन के अध्यक्ष रहे यासिर अराफात की आत्मा को बड़ी खुशी मिली होगी। यासिर अराफात की बात आज इसलिए क्योंकि 11 नवंबर उनकी पुण्यतिथि है।
मोहम्मद अब्दुल रहमान अब्दुल रऊफ़ अराफ़ात अलकुव्दा अल हुसैनी (4 अगस्त, 1929 – 11 नवंबर, 2004), जिन्हें यासिर अराफ़ात के लोकप्रिय नाम से ज्यादा जाना जाता है एक फिलिस्तीनी नेता एवं फिल्स्तीनी मुक्ति संगठन के अध्यक्ष थे। अराफात ऐसे पहले शख्स थे, जिन्हें किसी राष्ट्र का नेतृत्व न करते हुए भी संयुक्त राष्ट्र में भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया था। अराफात के नेतृत्व में उनके संगठन ने शांति की जगह संघर्ष को बढ़ावा दिया और इजरायल हमेशा उनके निशाने पर रहा। शांति से दूर संघर्ष की पहल करने वाले अराफात की छवि 1988 में अचानक बदली हुई दिखी। वो संयुक्त राष्ट्र में शांति के दूत के रूप में नजर आए। बाद में उन्हें शांति के नोबेल पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।नेहरू-गांधी परिवार के साथ इनकी बहुत करीबियां थीं। इंदिरा गांधी को वो अपनी बड़ी बहन मानते थे। इन्होंने भारत में 1991 के चुनाव अभियान के दौरान राजीव गांधी को जानलेवा हमले को लेकर आगाह किया था।
यासिर अराफात की मृत्यु की खबर 11 नवंबर, 2004 को आई। बताया गया कि बीमारी की वजह से उनकी मौत हुई। कुछ समय बाद ही उनकी मौत को लेकर इजरायल पर जहर देने के आरोप लगे। इसके बाद ये सवाल खड़ा हो गया कि उनकी मौत प्राकृतिक थी या जहर के चलते हुई थी। जांच के लिए उनके शव को कब्र से भी निकाला गया था और स्विटजरलैंड के वैज्ञानिकों ने दावा किया था कि उनके शव के अवशेषों में रेडियोधर्मी पोलोनियम-210 मिला था। हालांकि, उनकी मौत लोगों के लिए अब भी एक पहेली ही बनी हुई है।
यासिर अराफ़ात 1968 में फ़लस्तीनी मुक्ति संगठन (पीएलओ) के मुखिया बने। पीएलओ कई संगठनों को मिलाकर एक बड़ा संगठन 1964 में बनाया गया और इसका लक्ष्य रखा गया था अपने भविष्य के बारे में फ़लस्तीनियों के अधिकार हासिल करना। अराफ़ात के नेतृत्व में पीएलओ ने सशस्त्र संघर्ष पर ज़्यादा ज़ोर दिया जिसमें विमानों का अपहरण, लोगों को बंधक बनाना और दुनिया भर में इसराइली ठिकानों का निशाना बनाना शामिल था। अराफ़ात ने संयुक्त राष्ट्र में अपनी पहली हाज़िरी बहुत नाटकीय अंदाज़ में शांति की हिमायत करते हुए की। लेकिन उन्होंने आगाह भी किया, “आज में अपने एक हाथ में शांति की प्रतीक ज़ैतून की डाल और एक हाथ में स्वतंत्रता सेनानी की बंदूक लाया हूँ। मेरे हाथों से ज़ैतून की डाल गिरने मत देना।” संयुक्त राष्ट्र में दिए गए उनके भाषण ने एक गुरिल्ला चरमपंथी की उनकी छवि को बदल दिया। एक साल बाद अमरीका ने स्वीकार किया कि अरब-इसराइली शांति प्रक्रिया की तलाश में फ़लस्तीनी हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
लेबनान पर इसराइल के हमले के बाद यासिर अराफ़ात सहित फ़लस्तीनी मुक्ति संगठन के कुछ अन्य कमांडर अपने अड्डों से भाग निकले। अराफ़ात ने फ़लस्तीनी मुक्ति संगठन का मुख्यालय ट्यूनिस में फिर से क़ायम किया।
यासिर अराफ़ात ने वाशिंगटन में फ़लस्तीनी सिद्धांतों की तरफ़ सबका ध्यान खींचा। समझौता हुआ और उसमें इसराइल को उन फ़लस्तीनी इलाक़ों से हटने को कहा गया जिन पर उसने क़ब्ज़ा कर रखा था। अराफ़ात ग़ज़ा वापस लौटे तो उनका ज़ोरदार स्वागत हुआ।
यासिर अराफ़ात ने ज़मीन और सुरक्षा से जुड़े एक समझौते पर इसराइल के तत्कालीन प्रधानमंत्री इयूद बराक के साथ समझौते पर दस्तख़त किए।
लेकिन हिंसा जारी रहने की वजह से यह समझौता लागू नहीं किया जा सका।
11 सितंबर 2001 को अमरीका पर हुए चरमपंथी हमलों के बाद यासिर अराफ़ात ने अमरीका के साथ बतौर सहानुभूति रक्तदान किया। फ़लस्तीनी नेता पर बहुत दबाव पड़ा कि वह उन चरमपंथियों पर बल प्रयोग करें जो इसराइली शासन के ख़िलाफ़ संघर्ष में शामिल थे।
इसराइल के प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन ने घोषणा की कि यासिर अराफ़ात “अप्रासंगिक” हो चुके हैं और रमल्ला में उनके मुख्यालय की घेराबंदी कर दी।
इसराइल ने रमल्ला में बहुत सी इमारतों को ध्वस्त कर दिया और यासिर अराफ़ात को भी उनके ही मुख्यालय में नज़रबंद कर दिया था। अमरीका ने यह शर्त रखी कि अगर यासिर अराफ़ात सत्ता पर अपनी पकड़ ढीली करें तो शांति प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
उसके बाद फ़लस्तीनी प्रशासन ने पहली बार एक प्रधानमंत्री का चुनाव किया। फ़तेह संगठन के एक वरिष्ठ नेता महमूद अब्बास उर्फ़ अबू माज़ेन को अप्रैल 2003 में इस पद पर चुना गया लेकिन उन्होंने सितंबर में इस्तीफ़ा दे दिया।
उनके बाद अहमद कुरैई को प्रधानमंत्री बनाया गया। लेकिन अराफ़ात अब भी सबसे ताक़तवर नेता बने रहे और कोई भी फ़ैसला लेने का अंतिम अधिकार उनके ही पास रहा. वह एक तरह से फ़लस्तीनियों की उम्मीदों के प्रतीक बन चुके थे।
अराफ़ात कई साल से रमल्ला में अपने ही मुख्यालय में नज़रबंद थे और अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में अचानक उनकी तबीयत बहुत ख़राब हो गई। उन्हें इलाज के लिए फ्रांस ले जाने की बात चली तो जॉर्डन ने रमल्ला से उन्हें अम्मान पहुँचाया। अम्मान से फ्रांस का एक जहाज़ अराफ़ात को पेरिस लेकर पहुँचा और वहाँ उन्हें एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ उनकी हालत गंभीर हो गई और कुछ दिन बाद वह अचेतावस्था में चले गए। मौत से कुछ दिन पहले उनके दिमाग़ की नसें फट गई थीं
अराफ़ात अचेतावस्था में जाने के बाद कई दिन तक ज़िंदगी और मौत के बीच की स्थिति में रहे और एक दिन तो इसराइली मीडिया ने उनकी मौत होने की ख़बर दे दी। लक्ज़मबर्ग के प्रधानमंत्री ने भी अराफ़ात की मौत की पुष्टि कर दी थी लेकिन पेरिस में अस्पताल के एक अधिकारी ने पत्रकार सम्मेलन करके बताया कि अराफ़ात ज़िंदा हैं। उनकी ज़िंदगी और मौत के बारे में विवाद भी उठा और उनकी पत्नी सुहा अराफ़ात ने कुछ विवादास्पद बयान दिए।यह उन्हें मशीनों के सहारे ज़िंदा रखा गया और आख़िरकार 11 नवंबर 2004 को तड़के उनकी मौत हो गई।
तो निश्चित तौर से यासिर अराफात के संघर्ष ने फिलिस्तीन को एक अलग पहचान दी थी। और अब कहा जाए तो फिलिस्तीन पर नेतन्याहू ने जो कहर बरपाया, उससे कहीं न कहीं यासिर अराफात की आत्मा बड़ी दुख में रही होगी। और जब जनादेश नेतन्याहू को नकार दिया है, तब निश्चित तौर से यासिर अराफात की आत्मा को बड़ी ख़ुशी मिल रही होगी…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।